नालागढ़ : एसडीएम ने खंड स्वास्थ्य अधिकारी को सौंपी एंबुलेंस
“एंबुलेंस का उपयोग मुख्यत: आपातकालीन परिवहन, रैफरल सेवाओं और उपमंडल के भीतर विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों में किया जाएगा”
नालागढ़ 22 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
उपमंडलाधिकारी नालागढ़ राजकुमार ने आज सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए रेड क्रॉस एंबुलेंस खंड स्वास्थ्य अधिकारी को औपचारिक रूप से सुपुर्द की। यह एंबुलेंस क्षेत्र में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाने में सहायक सिद्ध होगी। राजकुमार ने जानकारी दी कि यह एंबुलेंस वैल्को इंडस्ट्री बद्दी द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत रेड क्रॉस मेला 2024 के अवसर पर उपमंडल प्रशासन को प्रदान की गई थी।
उन्होंने कहा कि यह योगदान स्वास्थ्य सेवाओं को समय पर और सुलभ बनाने, विशेषकर आपात स्थितियों में मरीजों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एसडीएम ने बताया कि इस एंबुलेंस को अस्थायी रूप से खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, नालागढ़ के संचालन में तैनात किया गया है।
इसका उपयोग मुख्यत: आपातकालीन परिवहन, रैफरल सेवाओं और उपमंडल के भीतर विभिन्न स्वास्थ्य गतिविधियों में किया जाएगा। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी नालागढ़ नियोन धैर्य शर्मा, खंड चिकित्सा अधिकारी डाक्टर मुक्ता रस्तोगी सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग कर्मी भी उपस्थित रहे।











