मऊ: प्रेमिका के घर सो रहे युवक की चाकू घोंपकर हत्या
मऊ में सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका के घर सो रहे युवक की चाकू गोदकर हत्या, कहानी में उलझी पुलिस”
मऊ (उत्तर प्रदेश): द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर स्थित कांशीराम आवास में रविवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई।
यहां अपनी प्रेमिका के घर सो रहे 35 वर्षीय असगर की अज्ञात हमलावर ने चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना के बाद प्रेमिका ने पुलिस को फोन कर अपने ‘पति’ की हत्या की झूठी कहानी रची, लेकिन जांच में प्रेम प्रसंग का सनसनीखेज खुलासा हुआ।
प्रेमिका ने रची पति की हत्या की कहानी
रविवार रात करीब 3 बजे महिला शहजादी ने पुलिस को सूचना दी कि कोई व्यक्ति दरवाजा खुलवाकर अंदर घुसा और उसके पति की धारदार हथियार से हत्या कर के भाग गया।
मौके पर सीओ सिटी नितेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम पहुंची। जब पुलिस ने जांच शुरू की,
तो पता चला कि मरने वाला व्यक्ति महिला का पति नहीं, बल्कि उसका प्रेमी असगर था। यह बात पुलिस को खटकने लगी।
पति की गैर मौजूदगी में साथ रहता था प्रेमी
जांच में सामने आया कि मृतक असगर मूल रूप से गाजीपुर जिले के जंगीपुर थाना क्षेत्र (मछली बाजार) का निवासी था।
वर्तमान में वह मऊ के मुंशीपुरा मुहल्ले में परिवार के साथ रहकर ई-रिक्शा चलाता था। कांशीराम आवास में रहने वाली शहजादी (जो पांच बच्चों की मां है) का पति काम के सिलसिले में जिले से बाहर रहता है।
पति की गैर मौजूदगी का फायदा उठाकर असगर और शहजादी पति-पत्नी की तरह एक साथ रहने लगे थे।
प्रेमिका सहित दो हिरासत में, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मऊ के एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि मृतक के भाई अफसर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
पूछताछ के दौरान शहजादी के बच्चे पुलिस को कुछ बताने को तैयार नहीं हैं। शहजादी द्वारा प्रेमी को अपना पति बताकर पुलिस को सूचना देने से उसकी भूमिका बेहद संदिग्ध हो गई है।
पुलिस ने शहजादी सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।
कातिल तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।











