मंडी : अफवाह निकली डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी

“उपायुक्त कार्यालय परिसर को डेढ़ बजे बम से उड़ाने की धमकी मात्र अफवाह निकली है। हालंकि मंडीवासी अभी भी इस अफवाह से सहमे हुए हैं। बुधवार को सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरा दिन उपायुक्त कार्यालय परिसर का चप्पा-चप्पा छान मारा था और कुछ भी संदिग्ध ना पाए जाने की क्लीयरेंस दे दी थी”

मंडी 18 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

वहीं एहतियातन तौर पर पुलिस द्वारा यहां कड़ा पहरा लगाया गया था। रात के समय भी पुलिस जवानों की तैनाती उपायुक्त कार्यालय परिसर के आस-पास की गई थी। पुलिस द्वारा उपायुक्त कार्यालय परिसर के तीनों मुख्य द्वारों पर ताला लटका दिया गया था ताकि बिना जांच के कोई भी व्यक्ति अंदर ना जा सके।

गुरुवार सुबह 10 बजे मुख्य द्वार के ताले को खोलकर लोगों की जांच के बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा गुरूवार को भी सर्च ऑरेशन जारी रखा गया था। सुबह के समय कार्यालयों में कुछ आवश्यक काम निपटाए गए। जिसके बाद दोपहर 12 बजे के बाद पुलिस द्वारा उपायुक्त कार्यालय परिसर को पूरी तरह से खाली करवा दिया गया। पुलिस, बम स्क्वाड टीम, डॉग स्क्वाड टीम और अन्य टीमों ने दोपहर बाद एक बार फिर जांच शुरू की।

12 बजे से लेकर तीन बजे तक किसी भी व्यक्ति को उपायुक्त कार्यालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया गया। लगभग डेढ़ बजे तक सभी पुलिस जवान और अधिकारी भी उपायुक्त कार्यालय परिसर से बाहर आ गए। डेढ़ बजे के बाद जब माहौल शांत हुआ तो सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में पंहुचे। कामकाज शुरू किया।

प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर और जांच के बाद प्रवेश

सुबह प्रशासन द्वारा आवश्यक काम निपटाए गए। 10 बजे से लेकर 12 बजे तक लोगों को आवश्यक कार्यों के चलते उपायुक्त कार्यालय परिसर में प्रवेश दिया गया। वहीं मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर मशीन लगाई गई थी। मेटल डिटेक्टर और पुलिस की जांच के बाद ही लोगों को उपायुक्त कार्यालय परिसर में प्रवेश दिया गया। वहीं आने वाले कुछ दिनों तक पुलिस द्वारा सुरक्षा की दृष्टि से कड़ा पहरा रखा जाएगा ।

पुलिस अलर्ट, कार्यालय परिसर में पार्क नहीं होंगी गाडिय़ां

धमकी मिलने के बाद से पुलिस अलर्ट हो गई है। कुछ दिनों तक पुलिस प्रशासन द्वारा पुलिस जवानों की तैनाती उपायुक्त कार्यालय के आस-पास की जाएगी। सभी दफ्तर सुचारू रूप से कार्य करेंगे लेकिन कार्यालय परिसर में किसी भी गाड़ी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसलिए उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कुछ दिनों तक पब्लिक ट्रासंपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की है।