प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी की मौजूदगी में दोनों देशों ने रक्षा, UPI, स्वास्थ्य और विकास सहित 19 महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा की।
भारत-सेशेल्स के बीच 19 अहम समझौते, UPI से रक्षा और स्वास्थ्य तक सहयोग को नई रफ्तार”
नई दिल्ली : द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा के दौरान भारत और सेशेल्स के रिश्तों को नई मजबूती मिली है। दोनों देशों ने रक्षा, समुद्री सुरक्षा, डिजिटल भुगतान, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, अंतरिक्ष और विकास सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में 19 महत्वपूर्ण समझौतों और पहलों की घोषणा की है।
इन समझौतों का उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग का विस्तार करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद इन समझौतों की घोषणा की गई। यह यात्रा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है।
सेशेल्स में बढ़ेगा UPI आधारित डिजिटल भुगतान
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, दोनों देशों के बीच नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड और सेंट्रल बैंक ऑफ सेशेल्स के बीच समझौता हुआ है।
इसके तहत सेशेल्स में UPI आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे दोनों देशों के बीच वित्तीय और तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी।
1,250 करोड़ रुपये की क्रेडिट लाइन
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत सेशेल्स को 1,250 करोड़ रुपये की अंब्रेला लाइन ऑफ क्रेडिट उपलब्ध कराएगा।
भारतीय रुपये में दी जाने वाली यह वित्तीय सहायता सेशेल्स की प्राथमिकता वाली विकास परियोजनाओं में उपयोग की जाएगी। इससे आधारभूत संरचना, सार्वजनिक सेवाओं और अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
रक्षा और समुद्री सुरक्षा में भी सहयोग
भारत ने सेशेल्स को एक फास्ट पेट्रोल वेसल (Fast Patrol Vessel) उपहार में देने की घोषणा की है। इसके अलावा सेशेल्स डिफेंस फोर्स को 10 यूटिलिटी वाहन और पांच लेजर रेडियल क्लास नौकाएं भी सौंपी जाएंगी।
वहीं सेशेल्स कोस्ट गार्ड के जहाज PS Zoroaster की मरम्मत पूरी कर दी गई है और डोर्नियर विमान को आधुनिक ग्लास कॉकपिट तकनीक से अपग्रेड किया जाएगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मिलेगा बड़ा सहयोग
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए भारत ने सेशेल्स को छह एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
साथ ही जन औषधि योजना के तहत HLL Lifecare Limited और सेशेल्स के स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच हुए समझौते के माध्यम से वहां सस्ती और गुणवत्तापूर्ण भारतीय दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त नए सेशेल्स नेशनल हॉस्पिटल के निर्माण की प्रारंभिक तैयारियों के लिए भी दोनों देशों के बीच समझौता हुआ है। भारतीय पैरामेडिक्स वहां पहुंचकर स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण भी देंगे।
कृषि, शिक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र में भी साझेदारी
दोनों देशों ने कृषि अनुसंधान, शिक्षा, कूटनीतिक प्रशिक्षण, समुद्री नाविकों के प्रशिक्षण और प्रमाणन, तथा बाहरी अंतरिक्ष के शांतिपूर्ण उपयोग के क्षेत्र में भी कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
इसके अलावा सेशेल्स ने भारत से साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े केंद्र स्थापित करने तथा एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने में सहयोग का अनुरोध किया है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन प्रस्तावों का स्वागत किया और कहा कि भारत इन पर सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ विचार करेगा।
विकास साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती
भारत ने सेशेल्स को 500 मीट्रिक टन चावल, 8,500 मीट्रिक टन सीमेंट और अन्य विकास सहायता देने की भी घोषणा की है।
साथ ही दोनों देशों के राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक स्मारक लोगो भी जारी किया गया।
विशेषज्ञों का मानना है कि इन समझौतों से हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की रणनीतिक उपस्थिति और मजबूत होगी तथा सेशेल्स के साथ दीर्घकालिक विकास एवं सुरक्षा सहयोग को नई दिशा मिलेगी।
जौनपुर में सनसनीखेज वारदात: दुकान के बाहर सो रहे व्यक्ति की सिर कूचकर निर्मम हत्या,…
LPU में बेकाबू बवाल: इंटरनेट सेवाएं बंद, डीआईजी-एसएसपी की गाड़ियां तोड़ीं; 'दातर' और वॉकी-टॉकी के…
सिंहस्थ 2028: उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बवाल;…
SIR विवाद के बीच चुनाव आयोग के 5 बड़े फैसले: अब घर बैठे होगा वेरिफिकेशन,…
करोड़ों मोबाइल यूजर्स के लिए TRAI का बड़ा फैसला: बिना डेटा वाले 'Voice और SMS-Only'…
आम जनता को बड़ी राहत: सोमवार से होने वाली 3 दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल टली,…