जौनपुर : अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर मिस्त्री की गोली मारकर की हत्या

“जौनपुर में गुरुवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने ट्रैक्टर मिस्त्री सरोज पाठक (40 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक हरिगांव निवासी था और बरईपार में ट्रैक्टर वर्कशॉप चलाता था। घटना सिकरारा थाना क्षेत्र के बरईपार-सिकरारा मार्ग की है”

जौनपुर 11 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

घटना गुरुवार रात करीब 8:15 बजे की है। रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे सरोज पाठक जैसे ही सेवक पाइप उद्योग के पास पहुंचे। पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगते ही वह वहीं गिर पड़ा। जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही तेजीबाजार पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। घटनास्थल से एक खाली कारतूस भी बरामद किया।

एएसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से कुछ अहम सबूत भी बरामद किए गए हैं। जांच टीम अब हत्या की साजिश और कारण को लेकर गहराई से पूछताछ कर रही है।