जौनपुर / सरायख्वाजा : फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव

“सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के औरही गांव में सोमवार की देर शाम एक महिला का शव कमरे में पंखे से गमछे के फंदे से लटकता मिला। मृतका के मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए पति पर हत्या का आरोप लगाया है”

सरायख्वाजा 20 / 05 / 2025 मंगेश प्रजापति की रिपोर्ट 

पुलिस के अनुसार औरही गांव निवासी अंजू देवी(30) पत्नी रमेश कुमार का पांच दिन पहले मोबाइल खोने को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान उनके बीच बातचीत बंद थी। नाराजगी के चलते सोमवार को अंजू दोपहर में अपने कमरे में गई। इस दौरान पति घर में नहीं था। शाम को जब पति घर पर किसी काम के लिए बुलाने कमरे में गया तो उसके होश उड़ गए।

उसने देखा कि अंजू का शव गमछे के सहारे पंखे से लटक रहा था। पति की चीख-पुकार सुनकर परिजन व आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए। खबर मिलते ही सरायख्वाजा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका अंजू देवी के दो छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतका के मायके वालों ने पति रमेश कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे घरेलू कलह का रूप देकर छुपाने की कोशिश की जा रही है।

थाना सरायख्वाजा के प्रभारी निरीक्षक विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि फिलहाल कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।