जौनपुर मुठभेड़: डिग्गी से 5 लाख चुराने वाले 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक को लगी गोली | The Politics Again
जौनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: डिग्गी से 5 लाख चुराने वाले 2 अंतरजनपदीय शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन लगातार जारी है।
इसी कड़ी में शनिवार रात मछलीशहर और पवारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हो गई।
इस पुलिसिया कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका दूसरा साथी मोटरसाइकिल के नीचे दबने से घायल हो गया।
पुलिस ने दोनों शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से हाल ही में एक बाइक की डिग्गी से चुराए गए 4 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक तमंचा और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुँवर अनुपम सिंह के सख्त निर्देशों पर जिले भर में अपराधियों के धर-पकड़ का अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर और थानाध्यक्ष पवारा अपनी टीमों के साथ कुँवरपुर के पास सघन चेकिंग और नाकाबंदी कर रहे थे।
इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में एक को लगी गोली, दूसरा बाइक से गिरा
बदमाशों की फायरिंग के बाद आत्मरक्षा में प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर ने भी जवाबी फायरिंग की। इस फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा।
उसकी पहचान सत्येन्द्र कुमार दोबरे (पुत्र हरनाम सिंह उर्फ सुमित नारायण, निवासी मिराय वाहरपुरा, थाना भरथरा, जिला इटावा) के रूप में हुई है।
वहीं, उसका दूसरा साथी गुड्डू उर्फ इकरार (पुत्र रहीम बक्श, निवासी डिवियापुर शास्त्री नगर, थाना डिबियापुर, जिला औरैया) भागने की कोशिश में मोटरसाइकिल से गिरकर दब गया और घायल हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों को मौके से दबोच लिया।
7 अप्रैल को डिग्गी से उड़ाए थे 5 लाख रुपये
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 4 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में पता चला है कि यह बरामदगी 7 अप्रैल को मछलीशहर थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी चोरी से संबंधित है।
गौरतलब है कि 7 अप्रैल को बदलापुर के तियरा निवासी सूर्यमणि मिश्रा एसबीआई बैंक से 5 लाख रुपये निकालकर घर लौट रहे थे।
रास्ते में मुस्तफाबाद यूनियन बैंक के पास जब वे चाय पीने के लिए रुके, तभी इन अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल की डिग्गी का लॉक तोड़कर 5 लाख रुपये पार कर दिए थे।
इस मामले में पुलिस ने धारा-303(2) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया था। पुलिस ने अब दोनों अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा: पिकनिक मनाने गए 8 छात्रों की समुद्र में डूबने…
यूपी भाजपा में बड़े बदलाव: लंबे इंतजार के बाद विभिन्न मोर्चों की नई टीम घोषित,…
भदोही: 'मुसहर' बताकर प्रसूता को अस्पताल से भगाया, सड़क पर हुई डिलीवरी; ईएमओ बर्खास्त, सीएमएस…
जौनपुर में धूमधाम से मनेगी गांधी और शास्त्री जयंती: प्रभात फेरी, 5 किमी रेस और…
जौनपुर: जल संरक्षण से संवर रहा किसानों का भविष्य, 'रिफॉर्म उत्सव' के जरिए वाटरशेड विकास…
छत्तीसगढ़ में विरासत पर्यटन को बड़ा बूस्ट: ASI और राज्य सरकार के बीच ऐतिहासिक MOU,…