जौनपुर : 41 लाख की लूट का खुलासा, आरोपी 35 लाख के साथ गिरफ्तार
जौनपुर: 41 लाख की लूट का पर्दाफाश, खुद को हाईकोर्ट का वकील बताने वाला आरोपी 35 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार”
जौनपुर: वरुण यादव की रिपोर्ट : THE POLITICS AGAIN
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बक्शा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई 41 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने रविवार शाम खुलासा कर दिया है।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी अभिनव सिंह उर्फ चंदन को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने लूट की इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी पेशे से खुद को इलाहाबाद हाईकोर्ट का वकील बताता है। उसके कब्जे से लूटे गए 35 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद कर ली गई है।
भाई की जमानत के लिए आया था पीड़ित, ऐसे रची गई लूट की साजिश
पुलिस के अनुसार, राजस्थान के बीकानेर निवासी जयपाल शर्मा (25) अपने छोटे भाई की जमानत के सिलसिले में वाराणसी आए थे।
जमानत के लिए उन्होंने वकील अभिनव सिंह (निवासी जमऊपट्टी, थाना सिंगरामऊ, जौनपुर) से संपर्क किया।
5 सितंबर को वाराणसी सेशन कोर्ट में जमानत की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभिनव सिंह अपनी वैगनआर कार से जयपाल को जौनपुर ले आया।
जौनपुर में पॉलिटेक्निक चौराहे, हनुमान घाट और सद्भावना ब्रिज के पास जयपाल ने अपने दो परिचित ज्वेलरी कारोबारियों से क्रमशः 22 लाख और 19 लाख रुपये (कुल 41 लाख रुपये) लिए और उन्हें अपने काले बैग में रख लिया।
इसी दौरान अभिनव का साथी उपदेश पाठक भी कार में आकर बैठ गया।
रास्ता बदलकर छीना बैग, सड़क पर दिया धक्का
जौनपुर से वापस लौटते समय आरोपियों ने वाराणसी हाईवे पर कार को यू-टर्न लेकर दूसरे रास्ते पर मोड़ दिया।
जब जयपाल ने विरोध किया और भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने जान से मारने और पिस्टल वाले किसी व्यक्ति को बुलाने की धमकी देकर उसे करीब 20 से 30 किलोमीटर तक इधर-उधर घुमाया।
वाराणसी मार्ग पर टोल प्लाजा से कुछ दूर पहले आरोपियों ने रुपयों से भरा बैग और मोबाइल छीन लिया और जयपाल को धक्का देकर कार से उतार दिया।
डीआईजी की सख्ती के बाद 24 घंटे में कार्रवाई और गिरफ्तारी
पीड़ित जयपाल ने 16 सितंबर को वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण से लिखित शिकायत की और बतौर सबूत अभिनव सिंह से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी सौंपी।
डीआईजी की सख्ती और 24 घंटे के अंदर कार्रवाई के निर्देश पर 20 सितंबर की रात 12:07 बजे बक्शा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने टोल प्लाजा और आसपास जांच की, जिसके बाद श्री नारायण सिंह इंटर कॉलेज (सराय हरखू) के पास से मास्टरमाइंड अभिनव सिंह को धर दबोचा।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 41 लाख में से 6 लाख रुपये निजी कामों में खर्च कर चुका है। फरार उपदेश पाठक और अन्य अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।
इस शानदार खुलासे के लिए डीआईजी वैभव कृष्ण ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये नकद इनाम देने की घोषणा की है, जबकि एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह और एएसपी गोल्डी गुप्ता को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।











