जौनपुर/खेतासराय : अपराध की दुनिया में उतरने से पहले ड्राइवर था संतोष उर्फ राजू
“कौशांबी जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 2 के ककोड़ा गांव के पास पुलिस मुठभेड़ में शनिवार की रात जौनपुर निवासी एक बदमाश की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त संतोष उर्फ राजू निवासी पोरईकलां थाना खेतासराय के रूप में हुई”
जौनपुर / खेतासराय 19 / 05 / 2025 वरुण यादव की रिपोर्ट
संतोष अपने दो साथियों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर 15 मई को करीब 4 करोड़ रुपये के काॅपर लदे ट्रक ड्राइवर की हत्या कर लूट की थी। रविवार की दोपहर मामले की जानकारी पोरईकलां गांव स्थित संतोष के परिजनों को हुई।
मृतक के पिता जयप्रकाश ने बताया कि संतोष राजभर उर्फ़ राजू पांच वर्ष पहले मुंबई में ड्राइवर बनकर रोज़ी रोटी कमाने गया था। वहीं से उसने लूट और छीनैती जैसे अपराध करने शुरू कर दिए थे।
कई बार उसकी तलाश में मुंबई तथा मध्यप्रदेश की पुलिस गांव आई लेकिन वह नहीं मिला। संतोष अपने घर कभी कभार ही आता था। उसकी आपराधिक गतिविधि के कारण परिजनों ने उससे किनारा कर लिया था।
शादी की खुशियां मातम में बदलीं-मृतक के पिता जयप्रकाश ने बताया कि वह खेती का काम करते हैं। संतोष तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी माता किरण घर पर रहती हैं। छोटा भाई सरोज पिता का खेती में हाथ बंटाता है। सबसे छोटा भाई अनुज आजमगढ़ के फुलैस में मोबाइल की दुकान चलाता है।
संतोष की शादी हुई थी लेकिन उसे कोई बच्चे नहीं है। वह बीते पांच साल से घर से बाहर है और मुंबई रहता था। पत्नी आज़मगढ़ जनपद के भादो गांव में मायके में रहती है। रविवार को छोटे भाई अनुज के विवाह की तैयारी चल रही थी।
सोमवार को उसकी बारात जानी थी। रविवार की दोपहर जब मामले की जानकारी परिजनों को हुई तो खुशी का माहौल गम में बदल गया। बरात स्थगित कर दी गई है। मृतक के घर पर सिर्फ़ महिलाएं हैं। पुरुष सदस्य कौशांबी के लिए रवाना हो गए हैं।











