जौनपुर : जिला चिकित्सालय में किन्नरों का उत्पात, डॉक्टर समेत तीन स्वास्थ्यकर्मियों को पीटा

“जिला चिकित्सालय में शुक्रवार की रात किन्नरों ने जमकर नग्न प्रदर्शन किया। इस दौरान चिकित्सक समेत तीन स्वास्थ्य कर्मियों को पीटकर घायल कर दिया।  घटना के बाद पीड़ितों ने पहुंचकर कोतवाली तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की”

जौनपुर 31 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मिली जानकारी के अनुसार जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड में रात करीब 8.45 बजे एक मरीज का इलाज चल रहा था। इस दौरान वहां कुछ लोग एक मरीज के साथ आकर हंगामा करने लगे, कह़ने लगे कि पहले उनके मरीज का उपचार हो। जब इस बात का चिकित्सकों ने विरोध किया तो वह बाहर गए। 

उनके साथ 15 से 20 की संख्या में किन्नर पहुंच गए, इसके बाद चिकित्सक डॉ पवन सिंह की पिटाई शुरू कर दिया। बगल में खड़े नर्सिंग ऑफिसर आशीष सिंह की भी पिटाई शुरू कर दी, बीच-बचाव के दौरान स्वास्थ्य कर्मी अमित सिंह को भी जमकर पीटा। 

इस दौरान इमरजेंसी की टेबल पर चढ़कर पीटकर सभी को घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार सभी किन्नर नग्न थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी जिला चिकित्सालय से भाग निकले। 

इस बाबत पीड़ित चिकित्साधिकारी डा.पवन सिंह ने बताया कि घटना के बाद एक तहरीर बनाकर वह कोतवाली में दे चुके हैं। उनकी मांग है कि मामले की जांचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।