हैदराबाद : चारमीनार के पास भीषण आग में बच्चों समेत आठ की मौत
“हैदराबाद के चारमीनार के पास भीषण आग लगी है। हादसे में बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई है। घटनास्थल पर अब भी कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है”
हैदराबाद 18 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
केंद्रीय मंत्री और राज्य भाजपा प्रमुख जी. किशन रेड्डी और तेलंगाना के मंत्री पोन्नम प्रभाकर गुलजार हाउस पहुंचे। क्षेत्र के पूर्व विधायक AIMIM नेता मुमताज अहमद खान भी मौके पर मौजूद थे।
तेलंगाना में ऐतिहासिक चारमीनार के पास गुलजार हाउस की एक इमारत में रविवार को भीषण आग लग गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यहां एक निजी अस्पताल के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आठ लोगों को मृत अवस्था में लाया गया था।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को इमारत में फंसे लोगों को बचाने के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। पीअएमओ के मुताबिक, पीएम मोदी लने कहा कि तेलंगाना के हैदराबाद में आग लगने की घटना में हुई जानमाल की हानि से गहरा दुख हुआ है।
जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।











