दिल्ली के कश्मीरी गेट में खौफनाक वारदात: लूटपाट में युवक की हत्या
दिल्ली के कश्मीरी गेट में खौफनाक वारदात: लूटपाट के विरोध पर ई-रिक्शा सवार युवक की चाकू गोदकर हत्या, दो घायल”
नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट
देश की राजधानी दिल्ली में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी एक और खौफनाक बानगी कश्मीरी गेट इलाके में देखने को मिली है।
यहां यमुना बाजार अंडरपास के पास बेखौफ बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से एक चलती ई-रिक्शा को रोक लिया और विरोध करने पर एक युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।
इस दुस्साहसिक और जानलेवा हमले में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।
चलती ई-रिक्शा रोकी, विरोध करने पर ताबड़तोड़ चाकूबाजी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना बाजार अंडरपास की है। पीड़ित युवक ई-रिक्शा में सवार होकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे।
तभी रास्ते के सुनसान हिस्से का फायदा उठाते हुए हथियारों से लैस बदमाशों ने ई-रिक्शा को जबरन रुकवा लिया। बदमाशों का मुख्य मकसद यात्रियों से लूटपाट करना था।
जब युवकों ने अपना सामान बचाने के लिए इस लूट का विरोध किया, तो अपराधियों ने बिना कोई खौफ खाए उन पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, पुलिस कर रही सीसीटीवी की जांच
इस खूनी संघर्ष में चाकू लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही कश्मीरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने हत्या और लूटपाट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मुख्य सड़क और अंडरपास जैसे इलाके में हुई इस वारदात ने एक बार फिर दिल्ली की रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त की पोल खोल दी है।











