हिमाचल समाचार – भारी बारिश से मची तबाही, छह जगह बादल फटे, 50 लोग लापता, 47 घर और सात पुल बहे, मलाणा बांध टूटा

 

(वीडियो साभार – आज तक समाचार चैनल )

“हिमाचल प्रदेश में छह जगह बादल फटने से भारी तबाही मची है। प्रदेश में 50 लोग लापता हो गए हैं। अभी तक पांच शव बरामद हो चुके हैं”

शिमला 01/08/2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

हिमाचल प्रदेश में बुधवार मध्यरात्रि भारी बारिश ने कहर बरपाया है। छह जगह बादल फटने से भारी तबाही मची है। प्रदेश में 50 लोग लापता हो गए हैं। अभी तक पांच शव बरामद हो चुके हैं।

47 घर, 10 दुकानें, 7 पुल, तीन स्कूल, एक डिस्पेंसरी, बस अड्डा, 18 वाहन, दो बिजली प्रोजेक्ट और एक बांध बह गया है। कुल्लू जिले में नैन सरोवर, भीमडवारी, मलाणा, मंडी में राजवन, चंबा में राजनगर और लाहौल के जाहलमा में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं।

इस मानसून ने एक रात की बारिश ने बीते साल की आपदा की यादें ताजा कर दी हैं। प्रदेश में सात घंटों में सामान्य से 305 मिलीमीटर ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने खराब मौसम को देखते हुए मंगलवार रात से रेड अलर्ट जारी किया था। प्रदेश में दो एनएच समेत 445 सड़कें बंद चल रही हैं। प्रदेश में नदी-नाले उफान पर हैं। ब्यास का जलस्तर बढ़ने पर पंडोह डैम से पानी छोड़ना पड़ा।

समेज में 36 लोग लापता

जिला कुल्लू के निरमंड में रात 12 बजे नैन सरोवर और भीमडवारी में एकसाथ दो जगह बादल फटे। इसका पानी बागीपुल, समेज और गानवी की तरफ आया और 30 किमी नीचे तक तबाही मचाई।

शिमला-कुल्लू की सीमा पर समेज में खड्ड में आई बाढ़ में 30 मकान बह गए। यहां छह बच्चों समेत 36 लोग लापता हैं। इनमें चार प्रवासी, ग्रीनको समेज परियोजना के सात कर्मचारी और 22 स्थानीय लोग शामिल हैं।

बाढ़ में 150 पशु भी बह गए। एक स्कूल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और दो बिजली प्रोजेक्ट ध्वस्त हो गए। वहीं, दूसरी ओर बागीपुल में बाढ़ से 10 दुकानें, जियालाल का एक रियायशी मकान जिसमें होटल चल रहा था, दो पटवारघर, पार्क की 15 गाड़ियां, बस अड्डा और पांच पुल बह गए।

यहां जियालाल के परिवार के पांच सदस्य और दो नेपाल मूल के व्यक्ति लापता हैं। श्रीखंड महादेव मार्ग पर भीमडवारी में करीब 250 लोग फंसे हुए हैं।

ये लोग यात्रा पर निकले थे। वहीं, रामपुर में गानवी खड्ड में आई बाढ़ में पांच घर, तीन गाड़ियां और एक पुल बह गया।

बलाधी गांव में एक सरकारी स्कूल, दो मंदिर, आठ मकान बहे

कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी के मलाणा नाले में गुरुवार सुबह बादल फटने से आई बाढ़ के कारण मलाणा पावर प्रोजेक्ट-एक का बांध टूट गया। बाढ़ से बलाधी गांव में एक सरकारी स्कूल, दो मंदिर, आठ मकान बह गए।

नाले के उफान पर आने से पार्वती नदी में भी पानी बढ़ गया और नदी पर बना पुल बह गया। शॉट स्थित सब्जी मंडी का बहुमंजिला भवन भी बह गया है।

मलाणा-एक प्रोजेक्ट में अभी भी 34 लोग फंसे हैं। इनमें चार टनल के अंदर बताए जा रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है।

बलाधी गांव में बाढ़ आने से फंसे आठ परिवारों के 22 लोगों और 23 नेपालियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। बचाव टीम ने कुल्लू शहर से तीन किमी दूर ब्यास में छरूडू में फंसे नौ लोगों को भी सुरक्षित निकाला। सैंज बाजार में निजी बस और मोटरसाइकिल पिन पार्वती नदी में बह गई।

मंडी जिले के पधर की चौहार घाटी के दुर्गम गांव राजवन में बुधवार रात बादल फटने से आए मलबे में दबने से तीन घरों का नामोनिशान मिट गया। इनमें रह रहे 12 लोगों में से तीन की मौत हो गई है, जबकि दो घायल अवस्था में मिले। सात लोग अभी भी लापता हैं।

इसके अलावा थल्टूखोड़-ग्रामीण सड़क पर बने तीन पुल और दो घराट बह गए हैं। लापता लोगों में चार बच्चे, दो महिलाएं व एक युवक है।

चंबा जिले की राजनगर पंचायत के रूपणी नाले में बुधवार रात 1 बजे बादल फटने से बाढ़ आई। बाढ़ की चपेट में आने से 20 वाहन मलबे में दब गए। वहीं, लाहौल के जाहलमा में भी बादल फटने से निचले क्षेत्रों में नुकसान हुआ है।

सुक्खू ने की आपात बैठक, शाह की बात, मदद का मिला आश्वासन

बादल फटने से हुई जानमाल की हानि पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने वीरवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की। सुक्खू ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें हरसंभव मदद देने की बात की।

उन्होंने कहा कि शाह ने एनडीआरएफ की दो टीमें भेजने की बात की है। वहीं, सुक्खू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से भी दूरभाष पर बात की और राज्य में भारी वर्षा व बादल फटने के कारण उत्पन्न स्थिति से अवगत करवाया।

उन्होंने केंद्र सरकार से आपदा से निपटने के लिए उदारतापूर्वक सहयोग करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री सुक्खू ने शिमला में अधिकारियों के साथ भी एक आपात बैठक की।

मंडी-कुल्लू में बंद रहे स्कूल, कुल्लू में आज भी अवकाश

भारी बारिश के कारण मची तबाही के चलते कुल्लू जिले में वीरवार को स्कूल बंद रहे। शुक्रवार को भी जिले में शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे।

डीसी की ओर से इसको लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, मंडी जिले के पधर और करसोग में भी वीरवार को स्कूल बंद रहे।

समेज में सेना ने संभाला रेस्क्यू ऑपरेशन

समेज खड्ड में बाढ़ आने से लापता हुए लोगों को तलाशने के लिए सेना ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। इसके अलावा एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सीआईएसएफ और पुलिस जवान भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। जो लोग मलबे में समा गए हैं, उनके परिजन और रिश्तेदार भी अपनों की तलाश में जुटे हैं।

समेज से लापता (प्रवासी श्रमिकों) की सूची

1.ममता पत्नी राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
2.मुस्कान पुत्री राज कुमार पांडे निवासी झारखंड
3. रूपनी देवी पत्नी भोला नाथ उराँव, पता झारखंड
4. अंजलि पुत्री भोला नाथ उराँव पता झारखंड।

लापता स्थानीय लोग, स्थान – कुशवा बाइफरकेशन के पास कनराहड़

1.सूरत राम (58) पुत्र स्वर्गीय कौल राम गांव कनराहड़ डाकघर सुगा तहसील रामपुर
2.संतोष कुमारी (54) पत्नी सूरत राम, गांव कनराहड़
3.नीरज कुमार (30) पुत्र सूरत राम गांव कनराहड़
4.रचना (23) पत्नी राजेश कुमार ग्राम कनराहड़ डाकघर सुगा तहसील रामपुर
5.अनीता (40) पत्नी अशोक कुमार गांव कनराहड़ डाकघर सुगा, रामपुर
6. योग प्रिया (11) पुत्री अशोक कुमार ग्राम कनराहड़
7.मुकेश पुत्र अशोक कुमार कनराहड़ पो सुगा तह रामपुर उम्र 19 वर्ष
8.वेद राज (55) पुत्र कौल राम गांव कनराहड़, सुगा तहसील निरमंड कुल्लू

लापता ग्रीनको समेज हाइड्रो एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मियों की सूची

1.पुष्प देव शर्मा ग्राम खुन्ना रामपुर
2.हरदीप सिंह ग्राम नगरोटा बगवा कांगड़ा
3.हरदेव सिंह ग्राम सैंज, कुल्लू
4.अजय कुमार निवासी शिलाई, सिरमौर
5. भाग चंद निवासी शिंगला रामपुर
6. सिद्धार्थ खेड़ा निवासी कांगड़ा
7.रूप सिंह गांव सिका सेरी सरपारा, रामपुर

समेज से लापता स्थानीय लोगों की सूची

1.शिक्षा (37) पत्नी गोपाल गांव व डाकघर सुगा निवासी रामपुर
2. जिया (15) पुत्री गोपाल
3.कल्पना (34) पत्नी जय सिंह सनैल गांव कांदरी डाकघर फांचा, रामपुर
4. अक्षिता (7) पुत्री जय सिंह स्नैल
5.अद्विक (4) पुत्र जय सिंह सनायल जोड़
6.कृष्णा देवी (70) पत्नी स्वर्गीय पुरुषोत्तम गांव सरपारा, रामपुर
7.श्याम सिंह (39) पुत्र चंदर सिंह गांव समेज
8.आरुषि (13) पुत्री श्याम सिंह गांव समेज
9.अरुण (15) पुत्र श्याम सिंह गांव समेज
10. सरस्वती (33) पत्नी श्याम सिंह गांव समेज
11.तनु केदारटा (15) पुत्री रविंदर केदारनाथ गांव समेज
12. रानू केदारटा (16) पुत्री रविंदर केदारटा
13.आरुषि पुत्री श्याम सिंह ग्राम समेज
14.मंगला देवी (70) पत्नी सुना राम समेज

कुल्लू से लापता लोग

1. नेवता देवी पत्नी प्रेम चंद
2. जीरू राम
3. बेदू पुत्र कौल राम

पुलिस की एडवाइजरी, भारी बारिश के दौरान अति आवश्यक होने पर होटलों से बाहर निकलें

पुलिस विभाग ने पर्यटकों के लिए एडवाइजरी की है। स्पष्ट किया गया है कि भारी बारिश के दौरान अति आवश्यक होने पर ही होटलों से बाहर निकलें और अनावश्यक यात्रा से बचें।

ऐेसे क्षेत्रों में रात के समय यात्रा न करें, जहां सड़कें ठीक नहीं है या धुंध पड़ी हो। चट्टानों से पत्थर गिर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने और सड़कों पर खड़े न होने को कहा गया है। नदियों और नालों में न जाने की सलाह दी गई है।

वहीं, नदी और नालों में बारिश के साथ सिलिंडर और लकड़ियां आ रही हैं। पुलिस को शिकायतें मिल रही है कि लोग इन्हें पकड़ रहे हैं। कोई अनहोनी घटना न हो, ऐसे में संबंधित थानों इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है।

बारिश के चलते सड़कों पर पेड़ और पत्थर आ रहे हैं। ऐसे में लोगों को वाहन चलाते समय कम दृश्यता में लो-बीम हेडलाइट का उपयोग करने को कहा गया है। आपात स्थिति में जिला सहायता कक्ष से संपर्क करने को कहा गया है।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.