दिल्ली में धमाके के बाद इन राज्यों में हुआ हाई अलर्ट
“दिल्ली के लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद कई राज्यों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। दिल्ली के साथ ही उत्तर प्रदेश, हरियाणा और महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस को एनसीआर में अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। यूपी पुलिस को एनसीआर में वाहनों के चेकिंग के भी निर्देश दिए गए हैं”
नई दिल्ली 10 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
यह विस्फोट लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में हुआ, जिसके बाद आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों में भी आग लग गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों के शीशे और दरवाजे-खिड़कियां टूट गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। कार धमाके में कई लोग घायल हो गए।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी अलर्ट घोषित किया गया है। जयपुर के सभी अधिकारी फील्ड में उतार दिया गया है। पुलिस अधिकारियों को मोबाइल और कम्युनिकेशन जारी रखने का निर्देश दिया गया है।
संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी
दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के साथ ही मुंबई में भी हाई अलर्ट है। मुंबई में पुलिस थानों को आई अलर्ट की सूचना दे दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर नाकाबंदी की जा रही है।
संदिग्ध व्यक्तियों की आकस्मिक तलाशी भी ली जा रही है। साथ ही जमीनी खुफिया नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा है। और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है।
कल बंद रहेगा चांदनी चौक का बाजार
मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने कहा, लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद मंगलवार को चांदनी चौक बाजार बंद रहेगा।
कमिश्नर ने धमाके पर दी जानकारी
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, ‘आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
सभी एजेंसियां, FSL, NIA, यहां हैं… घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री ने भी हमें बुलाया है और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है।’











