हरियाणा : सात बजते ही चंडीगढ़ और पंचकूला के बाजार बंद
“शाम के सात बजते ही चंडीगढ़ और पंचकूला के बाजारों को बंद कर दिया गया है। भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के चलते दुकानों को बंद करने के आदेश जारी हुए थे”
चंडीगढ़/पंचकूला 09 / 05 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार शाम सात बजते ही पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के बाजार बंद हो गए हैं। चंडीगढ़ का दिल कहे जाने वाले सेक्टर-17 की शोरूम मार्केट की सभी दुकानों बंद कर दी गई हैं। इसके अलावा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित शहर का सबसे बड़ा मॉल नेक्सस एलांते मॉल भी खाली कर दिया गया है।
मॉल के अंदर सभी शोरूम के शटर बंद कर कर्मचारी घरों के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, साथ लगते शहर पंचकूला में भी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर बंद कर दिए हैं। कुछ जगहों पर जहां दुकानों बंद नहीं की गई थी वहां पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और दुकानों को बंद करवा दिया गया है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में 7:00 बजे से पहले ही ज्यादातर दुकानें और शोरूम को बंद कर दिया गया है। शोरूमों में काम करने वाले कर्मचारी दुकानें बंद कर अपने-अपने घर के लिए निकल गए हैं। इसके अलावा सेक्टर-22 की शास्त्री मार्केट और ज्वेलर्स मार्केट में भी पूरी तरह से सन्नाटा छा गया है। हालांकि इमरजेंसी जैसे मेडिकल शॉप्स देर रात तक खुली रहेंगी।
इस संबंध में चंडीगढ़ के डीसी निशांत कुमार यादव ने शुक्रवार दोपहर आदेश जारी किए थे। इसके अलावा सोमवार तक शहर के सभी स्कूल व कॉलेज समेत प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को भी बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। शहर की ज्यादातर ट्रैफिक सिग्नल की लाइट्स भी शुक्रवार को बंद रही।
शाम के सात बजते ही पुलिस टीम पंचकूला के सेक्टर-7 की मार्केट में पहुंची। जहां ज्यादातर दुकानें खुली थी। मौके पर पहुंची सेक्टर-7 थाना पुलिस ने दुकानों को बंद करवा दिया। पुलिस ने दुकानदारों को हिदायत दी कि दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग्स व फ्लेक्स में भी लाइट्स नहीं जलनी चाहिए।
इसके बाद दुकानदारों ने उन लाइट्स को भी बंद कर दिया है। पुलिस ने बकायदा पूरी मार्केट में लाउड स्पीकर से अनाउंसमेंट कर दुकानदारों दुकानें बंद करने की अपील की है।










