Breaking News

गुजरात : अहमदाबाद में पीएम नरेंद्र मोदी ने 5400 करोड़ की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

“पीएम मोदी अपने गृह राज्य गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच गए हैं। उन्होंने अहमदाबाद में रोड शो किया। उन्होंने यहां 5400 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया”

अहमदाबाद 25 / 08 / 2025 संतोष सेठ की  रिपोर्ट 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर अपने गृह राज्य गुजरात के दौर पर पहुंचे। उन्होंने अहमदाबाद में रोड शो किया। वे अहमदाबाद के खोडलधाम मैदान में 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया। इसके बाद जनसभा को भी संबोधित किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की ओर से जारी बयान में कहा गया कि 26 अगस्त को सुबह लगभग 10.30 बजे प्रधानमंत्री अहमदाबाद के हंसलपुर में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन का उद्घाटन करेंगे और 100 देशों को बैटरी इलेक्ट्रिक वाहनों के निर्यात को हरी झंडी दिखाएंगे।

विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री मोदी 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की कई रेलवे परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

इसमें 530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 65 किलोमीटर महेसाणा-पालनपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, 860 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 37 किलोमीटर कलोल-कडी-कटोसन रोड रेल लाइन और 40 किलोमीटर बेचराजी-रानुज रेल लाइन का गेज परिवर्तन शामिल है।

पीएम मोदी वीरमगाम-खुदाद-रामपुरा सड़क के चौड़ीकरण का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद-मेहसाणा-पालनपुर मार्ग पर छह लेन वाले वाहन अंडरपास और अहमदाबाद-वीरमगाम मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की आधारशिला भी रखेंगे।

सरकार के इन पहलों से इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा, परिवहन दक्षता में सुधार होगा और आर्थिक अवसर बढ़ेंगे। राज्य में विद्युत क्षेत्र को एक बड़ा बढ़ावा देते हुए पीए मोदी उत्तर गुजरात विज कंपनी लिमिटेड (यूजीवीसीएल) के अंतर्गत अहमदाबाद, मेहसाणा और गांधीनगर में विद्युत वितरण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

पीएम मोदी प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के स्व-स्थाने स्लम पुनर्वास घटक के अंतर्गत रामापीर ने टेकरो के सेक्टर-3 में स्लम विकास परियोजना का उद्घाटन करेंगे। वह अहमदाबाद के आसपास सरदार पटेल रिंग रोड पर यातायात सुगम बनाने और कनेक्टिविटी में सुधार के लिए की जा रही प्रमुख सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। साथ ही वह जल एवं सीवरेज प्रबंधन प्रणालियों को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख शहरी अवसंरचना परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे।

प्रधानमंत्री हरित ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए टीडीएस लिथियम-आयन बैटरी संयंत्र में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड के स्थानीय उत्पादन की शुरुआत के साथ भारत के बैटरी इकोसिस्टम के अगले चरण का भी उद्घाटन करेंगे।

तोशिबा, डेंसो और सुजुकी का संयुक्त उद्यम यह संयंत्र घरेलू विनिर्माण और स्वच्छ ऊर्जा नवाचार को बढ़ावा देगा। इससे अब अस्सी प्रतिशत से अधिक बैटरी का निर्माण भारत में ही किया जाएगा।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रवक्ता ऋषिकेश पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री 25 अगस्त की शाम अहमदाबाद एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद नरोदा से निकोल क्षेत्र तक तीन किलोमीटर लंबे रोड शो में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने कहा कि रोड शो के रास्ते और निकोल में कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक लाख लोग मौजूद रहेंगे, जहां से वह 5,477 करोड़ रुपये की विभिन्न केंद्रीय और राज्य सरकार की परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। 

पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री अहमदाबाद शहर में रामापीर टेकरा नामक झुग्गी बस्ती में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 133.42 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1,449 मकानों और 130 दुकानों का उद्घाटन करेंगे।

उन्होंने बताया कि मोदी अहमदाबाद शहर के आसपास चार लेन वाली एसपी रिंग रोड के उन्नयन की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना के तहत सरकारी और निजी कंपनियों की भागीदारी से दो चरणों में छह लेन वाली सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस पर गति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक्सप्रेसवे मानकों के अनुसार नियंत्रित पहुंच होगी। 

अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण (एयूडीए) के अंतर्गत जल जीवन मिशन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। दस्करोई तालुका में 27 करोड़ रुपये की लागत से एक जल पम्पिंग स्टेशन का निर्माण किया गया है।

साथ ही 23 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन भी बिछाई गई है। पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटन की जाने वाली इस परियोजना से एयूडीए क्षेत्र के 10 गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। 

प्रधानमंत्री शेला, मणिपुर, गोधावी, साणंद और तेलव क्षेत्रों के लिए बरसाती पानी की निकासी की व्यवस्था का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह अहमदाबाद नगर निगम के अंतर्गत लॉ गार्डन और मिथाखाली क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

इसके अलावा थलतेज, नरनपुरा और चांदखेड़ा वार्डों में नए जल वितरण केंद्रों की स्थापना का भी शिलान्यास किया जाएगा। वह सरखेज वार्ड में एक ‘मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स’ और साबरमती तथा अहमदाबाद स्टेशनों के बीच चार लेन वाले रेलवे ओवरब्रिज के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे। 

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री कलाना-छरोड़ी में टीपी योजना संख्या 139/सी, 141 और 144 के तहत 38.25 करोड़ रुपये की लागत से 24 मीटर और 30 मीटर लंबी सड़कों को चार लेन वाली सड़कों में परिवर्तित करने की आधारशिला रखेंगे।

पटेल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री गांधीनगर में 281 करोड़ रुपये की शहरी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।’’ इन परियोजनाओं में टीपी-24 रंधेजा में दो ‘सीवेज पंपिंग स्टेशन’ का निर्माण, पेथापुर में वर्षा जल निकासी के लिए एक पाइप लाइन बिछाना और 72 करोड़ रुपये की लागत से ढोलकुवा से पंचेश्वर सर्कल तक मेट्रो रेल के समानांतर एक सड़क का निर्माण शामिल है। वह कोबा, रायसन और रांदेसन में पानी और सीवर लाइनें बिछाने और भाट-मोटेरा लिंक रोड के नवीनीकरण की आधारशिला भी रखेंगे। 

प्रधानमंत्री मेहसाणा जिले के लिए 1,796 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे और दो ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री 1,400 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे।

जिनमें मेहसाणा-पालनपुर रेलवे लाइन (65 किलोमीटर) का दोहरीकरण, कलोल-कडी-कटोसन लाइन (37 किलोमीटर) और बेचाराजी-रानुनज लाइन (40 किलोमीटर) का आमान परिवर्तन शामिल है।

उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को वह मारुति सुजुकी के पहले इलेक्ट्रिक वाहन ‘ई-विटारा’ के लिए अहमदाबाद के पास कंपनी के हंसलपुर संयंत्र में उत्पादन लाइन का उद्घाटन करेंगे।

Santosh SETH

Recent Posts

बड़ी खबर : राज्यसभा व बिहार विधान परिषद चुनाव की घोषणा

राज्यसभा और बिहार विधान परिषद चुनाव की तारीखों का ऐलान: यूपी, उत्तराखंड और बंगाल की…

13 hours ago

वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरदान बनी ‘अटल वयो अभ्युदय योजना

वरिष्ठ नागरिकों को सशक्त बना रही सरकार: 'अटल वयो अभ्युदय योजना' से 8.5 लाख बुजुर्गों…

18 hours ago

NHAI : हाई-स्पीड हाईवे पर पशुओं को रोकने के लिए बनेगी दीवार

NHAI ने जारी किए हाई-स्पीड नेशनल हाईवे के नए नियम: यातायात के अनुसार तय होगी…

18 hours ago

दिल्ली: कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म

दिल्ली हुई शर्मसार: कालकाजी मंदिर के पीछे जंगल में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म,…

18 hours ago

भारत के सेमीकंडक्टर मिशन पर साइबर हमलों का खतरा !

सेमीकंडक्टर हब बनने की राह पर भारत: अश्विनी वैष्णव की चेतावनी- साइबर हमले, दुष्प्रचार और…

18 hours ago

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 34 IAS अफसरों का तबादला

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 34 IAS अधिकारियों का तबादला, 14 जिलों को मिले नए…

18 hours ago