Fake Doctor Exposed: मेडिकल स्टोर पर बैठकर बन गया ‘डॉक्टर’ और ‘पत्रकार’; एक्स-रे देख महिला को बताई बीमारी, वीडियो वायरल होने पर हड़कंप
“मछलीशहर सीएचसी के सामने चल रहा था फर्जीवाड़ा। युवक बोला- ‘हमारे पास सब सिस्टम है, खट्टा-मीठा मत खाओ।’ सीएमओ तक पहुंची शिकायत”
[मछलीशहर/जौनपुर] — The Politics Again ब्यूरो: अब्दुल हई की रिपोर्ट
जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर किस तरह खिलवाड़ हो रहा है, इसका एक जीता-जागता सबूत मछलीशहर से सामने आया है।
यहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के ठीक सामने एक मेडिकल स्टोर संचालक ने सारी हदें पार कर दीं।
युवक ने खुद को कभी डॉक्टर तो कभी पत्रकार बताकर एक महिला का न सिर्फ इलाज किया, बल्कि एक्स-रे देखकर ‘नस ब्लॉकेज’ जैसी गंभीर बीमारी भी बता दी।
क्या है पूरा मामला?
घटना 24 जनवरी की बताई जा रही है। मीरगंज की रहने वाली संजू देवी (पत्नी राकेश) हड्डी रोग विशेषज्ञ को दिखाने मछलीशहर आई थीं। डॉक्टर का सही पता न मिलने पर वह सीएचसी के सामने एक मेडिकल स्टोर पर पूछने गईं।
-
फर्जीवाड़ा: आरोप है कि मेडिकल स्टोर पर बैठे युवक (संचालक का बेटा) ने खुद को उसी खानदान का और डॉक्टर बताकर महिला को रोक लिया।
-
इलाज: युवक ने महिला का एक्स-रे करवाया और रिपोर्ट देखकर दावा किया कि “पैर की नस में ब्लॉकेज है।” उसने 5 दिन की दवा भी दे दी।
“हमारे पास सब सिस्टम है…” इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक बेखौफ होकर कह रहा है:
“मैं आयुर्वेदिक और होम्योपैथिक दवा भी देता हूँ। हमारे पास सब सिस्टम है। खट्टा-मीठा न खाओ, घुटने की नस में ब्लॉक है।”
पोल खुली तो मचा हड़कंप
दवा खाने के बाद भी जब महिला को आराम नहीं मिला, तो उसने अपने रिश्तेदार सूर्य कुमार मौर्य से संपर्क किया।
जब वे महिला को लेकर दोबारा उस ‘कथित डॉक्टर’ के पास पहुंचे, तो उसके फर्जीवाड़े की पोल खुल गई। वह न तो डॉक्टर था और न ही पत्रकार।
अधिकारियों ने क्या कहा?
पीड़ित पक्ष ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। मछलीशहर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अजय सिंह ने बताया:
“वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सीएमओ (मुख्य चिकित्सा अधिकारी) को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। वीडियो में दिखने वाला व्यक्ति मेडिकल स्टोर चलाता है। मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”











