लखनऊ में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन की एनडीए नेताओं के साथ बैठक

यूपी दौरे पर बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुटबाजी पर जताई नाराजगी

बीजेपी में गुटबाजी पर भड़के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 के लिए सहयोगी दलों संग बनाई रणनीति”

THE POLITICS AGAIN डेस्क: लखनऊ : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद पहली बार उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए नितिन नवीन एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं।

अपने दौरे के दूसरे दिन उन्होंने राजधानी लखनऊ के एक पांच सितारा होटल (ताज) में पार्टी के सांसदों, विधायकों और प्रमुख पदाधिकारियों के साथ एक बेहद अहम बैठक की।

इस दौरान पार्टी के अंदरूनी हालात और आगामी चुनावों को लेकर गहन मंथन किया गया।

गुटबाजी पर दी सख्त चेतावनी

बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के भीतर पनप रही गुटबाजी पर सख्त नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि वह यूपी में कई चुनावों में प्रभारी की भूमिका निभा चुके हैं और उन्होंने करीब से देखा है कि चुनाव के दौरान पार्टी का एक गुट, दूसरे गुट को हराने या ‘निपटाने’ में लग जाता है।

उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश देते हुए कहा, “हमें अपनी विचारधारा के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहिए।

पार्टी ने जिस भी कार्यकर्ता को टिकट दिया हो, सभी का एकमात्र लक्ष्य उसे और ‘कमल’ को जिताना होना चाहिए। इसके लिए सभी को पूरी तरह एकजुट होकर लगना होगा।”

मिशन 2027 पर पूरा फोकस, NDA सहयोगियों से मंथन

राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस यूपी दौरे का पूरा फोकस वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों पर है। इसी कड़ी में उन्होंने एनडीए (NDA) के सहयोगी दलों के साथ भी समन्वय बैठक की।

जिसमें सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में आगामी चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि एनडीए के घटक दलों के राष्ट्रीय अध्यक्षों के साथ करीब 10 मिनट तक विशेष बातचीत चली।

हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी सीटों के बंटवारे को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है, सही समय आने पर शीर्ष नेतृत्व से इस विषय पर बात की जाएगी।

दोनों डिप्टी सीएम से करेंगे मुलाकात

संगठनात्मक गतिविधियों को धार देने के साथ-साथ नितिन नवीन दोनों उपमुख्यमंत्रियों से भी उनके आवास पर जाकर मुलाकात करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार:

  • दोपहर 1 बजे: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास पर पहुंचेंगे।

  • शाम 5 बजे: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के आवास पर मुलाकात करेंगे।

शक्ति केंद्र सम्मेलन और बूथ स्तर पर संदेश

राष्ट्रीय अध्यक्ष दोपहर 2.30 बजे हरदोई रोड के बसंत कुंज स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 3.10 बजे वहीं आयोजित ‘शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन’ को संबोधित करेंगे।

इस सम्मेलन के जरिए वह 2027 के मद्देनजर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेंगे।

बूथ अध्यक्ष के घर जाने का कार्यक्रम: जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान देने के उद्देश्य से नितिन नवीन शाम 5 बजे के बाद पीर नगर में बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर भी जाएंगे।

यह कदम यह संदेश देने का प्रयास है कि बीजेपी में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सबसे ज्यादा तरजीह दी जाती है।

सहयोगी दलों की भूमिका पर बोले नवीन: एनडीए की बैठक खत्म होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिस तरह से बीजेपी अपना काम कर रही है, उसमें सभी सहयोगी दल अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता निभा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश को एक योग्य राज्य बनाने में एनडीए के घटक दलों ने अपना भरपूर सहयोग दिया है और भविष्य में भी मजबूती से देते रहेंगे।