बिहार : नालन्दा में आंधी तूफान से 21 लोगों की मौत

“बिहार के एक जिले में आज बारिश और आंधी की चपेट में आने से बच्चा महिला समेत 21 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इन घटनाओं पर दुःख जताया है”

पटना 10 / 04 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

नालंदा जिले में गुरुवार को आई प्रचंड आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचा दी है। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवा के कारण विशालकाय पेड़ों के गिरने से 16 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। नालंदा थाना क्षेत्र के ऐतिहासिक नालंदा खंडहर में एक विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़ गया।

इस हादसे में खंडहर में तैनात एक गार्ड की पेड़ के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान नालंदा थाना क्षेत्र के सरिलचक गांव निवासी स्व.बसंत लाल के (28) वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में की गई है। 

इसी प्रकार, मानपुर थाना क्षेत्र के नगवां गांव में देवी स्थान के समीप एक विशालकाय पीपल का पेड़ गिरने से भीषण हादसा हुआ। इस घटना में एक व्यक्ति पेड़ के नीचे दबकर मार गया, जबकि चार अन्य लोगों की मौत मंदिर की दीवार गिरने से हो गई।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लोग बारिश से बचने के लिए मंदिर में शरण लिए हुए थे, तभी अचानक मंदिर की दीवार गिरने से चार लोग उसमें दब गये जिससे उन सब की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मानपुर के नगवां गांव निवासी सुनील पंडित की पत्नी निरजुला देवी (35), शिव शंकर राय की पत्नी गीता देवी (50), अविनाश यादव के पुत्र अंश कुमार (12), जितेंद्र पंडित के पुत्र रोहित कुमार (12), अविनाश यादव की पुत्री नंदनी कुमारी (08) एवं उमेश यादव के पुत्र निरजु कुमार (13) के रूप में की गई है।

गिरियक में मासूम की मौत

नालन्दा के पावापुरी सहायक थाना इलाके के दुर्गापुर खंधा में अचानक ताड़ का पेड़ दुर्गापुर निवासी पिंटू यादव के (10) वर्षीय पुत्र अंकित कुमार पर गिर गया,जिससे उसकी मौत वहीं पर हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि अंकित कुमार खंधे में था।

तेज़ हवा देखकर घर लौटने लगा तभी रास्ते में पेड़ उसके ऊपर गिर गया, जिसमें अंकित की मौत हो गई। हालांकि लोगों को जैसे ही खबर मिली लोग बच्चे को उठाकर आस लगाए पावापुरी असप्ताल लाये जहाँ चिकित्साकों ने मृत घोषित कर दिया।

सिलाव थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी कांति देवी (39) की ताड के पेड़ से दबकर मौत हो गई। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि कांति देवी रमुअहरा खंधा में गेंहू की मैजनी में लगी हुई थी। इसी बीच आंधी और बारिश से बचने के लिए वह ताड़ के पेड़ के नीचे जाकर खड़ी हो गई। इसी बीच ताड़ का पेड़ कांति देवी पर गिर गया। पेड़ से दबकर महिला की मौत हो गई

नूरसराय और मानपुर के विशुनपुर में एक-एक मौत हुई है, जबकि बिहार थाना क्षेत्र के चैनपुरा में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार थाना क्षेत्र के चांदपुर मोहल्ला निवासी मोहम्मद अनवर के पुत्र मोहम्मद आमिर (18) और सतीश राम के पुत्र करण राम (13) के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इन दोनों की मौत खेलने के दौरान बिजली गिरने से हुई है।

एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत, दो घायल

इस्लामपुर थाना क्षेत्र के बालमत बिगहा गांव के पास पुल गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गये। उन घायलों में एक को गंभीर  हालत में रेफर कर दिया गया है। घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि बालमत बिगहा गांव के विनय यादव का पुत्र रोहित कुमार उर्फ गुड्डू कुमार (2) और राजबल्लव यादव की 6 माह की पुत्री ज्योति कुमारी बीमारी से पीड़ित थी।

परिजन उसको लेकर जैतीपुर निजी चिकित्सक के पास इलाज करवाने के लिए ले जा रहे थे। तभी रास्ते मे तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी। इससे बचने के लिए गांव स्थित बकरी खंधा के पास आहर मे बने पुल के नीचे सभी लोग छुप गए।

इस दौरान अचानक पुल का दीवार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट मे आने से एक ही परिवार के पांच लोग दब गए। इस दौरान बीमारी से पीड़ित गुड्डू कुमार और ज्योति कुमारी एवं परिवार की बच्चों देवी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। 

  • मानपुर :- 6 मंदिर की दीवार और पेड़ गिरने से हुई मौत 
  • रहई -2
  • इस्लामपुर – 3
  • सिलाव-1
  • नालन्दा -1
  • गिरियक-1
  • मानपुर विशुनपुर-1
  • नूरसराय में 2
  • बेन- 1
  • भागन विगहा-1
  • बिहार थाना-2