Customers transacting at a public sector bank branch operating on a Sunday to mitigate the impact of the upcoming nationwide bank strike

बैंक हड़ताल : लगातार 5 दिन बंदी नहीं! इस रविवार को खुलेंगे सभी बैंक

हड़ताल से निपटने के लिए सरकार का ‘संडे प्लान’: लगातार 5 दिन बंद नहीं रहेंगे बैंक, 27 सितंबर रविवार को भी होगा सामान्य कामकाज”

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा 28 से 30 सितंबर (2026) तक बुलाई गई देशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल के बीच आम जनता के लिए एक बड़ी राहत की खबर है।

लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहने के संभावित संकट को देखते हुए केंद्र सरकार और वित्त मंत्रालय ने एक असाधारण फैसला लिया है।

हड़ताल से ठीक पहले आने वाले रविवार, यानी 27 सितंबर 2026 को देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक (PSB) और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (RRB) सामान्य दिनों की तरह पूरी तरह खुले रहेंगे।

5 दिन की बंदी टालने के लिए ‘संडे’ को मिली मंजूरी

दरअसल, 28 से 30 सितंबर (सोमवार से बुधवार) तक बैंक यूनियनों की हड़ताल प्रस्तावित है। इससे ठीक पहले 26 सितंबर को महीने का चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण नियमित छुट्टियां थीं।

यदि बैंक रविवार को नहीं खुलते, तो आम जनता को लगातार पांच दिनों तक बैंकिंग सेवाओं से महरूम रहना पड़ता।

वित्त मंत्रालय के दखल के बाद, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने भी रविवार को बैंक खोलने की इस विशेष व्यवस्था को अपनी हरी झंडी दे दी है।

इसके तहत रविवार को न सिर्फ बैंक की शाखाएं और प्रशासनिक दफ्तर काम करेंगे, बल्कि एटीएम से जुड़ी शाखाएं और करेंसी चेस्ट भी पूरी तरह सक्रिय रहेंगे ताकि देश में नकदी (Cash) की कोई किल्लत न हो।

सुलह वार्ता रही बेनतीजा, 3 दिन हड़ताल पर अड़ी यूनियनें

बैंकिंग वर्कफोर्स के 90 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वाले UFBU का कहना है कि उनकी मुख्य मांग ‘5-दिवसीय बैंकिंग’ को लागू करना है।

मंगलवार को डिप्टी चीफ लेबर कमिश्नर के सामने बैंक यूनियनों और प्रबंधन के बीच हुई सुलह बैठक पूरी तरह बेनतीजा रही।

वित्त मंत्रालय की अपील के बावजूद यूनियनों ने 28 सितंबर से तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल पर जाने का सख्त रुख बरकरार रखा है।

हाफ-ईयरली क्लोजिंग पर पड़ेगा असर, डिजिटल लेनदेन की सलाह

प्रस्तावित तीन दिन की हड़ताल का समय 30 सितंबर को होने वाली बैंकों की छमाही क्लोजिंग (Half-yearly Closing) के साथ टकरा रहा है।

यह तारीख खातों के मिलान, प्रोविजनिंग, और ट्रेजरी व मार्केट ऑपरेशन्स के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है, जिस पर इस हड़ताल का भारी असर पड़ सकता है।

रविवार को बैंकिंग सेवाएं खुली रखने के साथ ही, कई सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

बैंकों ने अपील की है कि हड़ताल की अवधि के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, बैंक मित्र (BC पॉइंट) और यूपीआई (UPI) जैसे डिजिटल चैनलों का अधिक से अधिक उपयोग करें।