आजमगढ़ : 50 हजार का इनामी गैंगस्टर रब्बानी सियरहा अंडरपास से गिरफ्तार
आजमगढ़: पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर रब्बानी सियरहा अंडरपास से गिरफ्तार”
आजमगढ़ : दीपू हिन्दू की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर रब्बानी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बिलरियागंज पुलिस ने सोमवार सुबह घेराबंदी कर सियरहा अंडरपास के पास से इस शातिर अपराधी को दबोचा।
अयूब नगर (कस्बा थाना बिलरियागंज) के रहने वाले रब्बानी पर मोबाइल चोरी, वाहन चोरी, आबकारी और आयुध अधिनियम (Arms Act) के तहत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
संगठित गिरोह बनाकर करता था चोरियां
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि रब्बानी एक शातिर अपराधी है, जो अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चलाता था और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
-
पूर्व में बिलरियागंज थाने में इस गिरोह के खिलाफ मोबाइल चोरी के तीन मुकदमे दर्ज किए गए थे।
-
विवेचना के दौरान पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी कर उनके पास से चोरी के 06 मोबाइल फोन बरामद किए थे, जिसके बाद न्यायालय में चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल की जा चुकी है।
लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण 26 मई को रब्बानी और उसके साथियों के खिलाफ ‘गैंग चार्ट’ का अनुमोदन किया गया था और बिलरियागंज थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
महाराष्ट्र से लौटकर भागने की फिराक में था, पुलिस ने बिछाया जाल
सोमवार सुबह बिलरियागंज पुलिस जैगहा चौराहे और आसपास के इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि गैंगस्टर रब्बानी महाराष्ट्र से वापस आजमगढ़ आ गया है और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे वाले रास्ते से कन्धरापुर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत सियरहा अंडरपास से कन्धरापुर जाने वाली सड़क पर घेराबंदी कर दी।
पुलिस को देखते ही रब्बानी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने आवश्यक बल प्रयोग करते हुए उसे मौके पर ही दबोच लिया।
इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर की गई थी 50 हजार
एसपी ग्रामीण ने बताया कि रब्बानी की गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। उसकी फरारी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) द्वारा 5 सितंबर को उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अपराधी की गंभीरता को देखते हुए बाद में 16 सितंबर को डीआईजी (DIG) स्तर से इस इनाम की राशि को बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया गया था।











