Vijay Tamil Nadu CM Oath

तमिलनाडु: थलापति विजय आज लेंगे CM पद की शपथ

तमिलनाडु में नए युग का शंखनाद: ‘थलापति’ विजय आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, नेहरू स्टेडियम में रची जा रही नई राजनीतिक गाथा

चेन्नई: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

तमिलनाडु की राजनीति में आज एक ऐतिहासिक और नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। दक्षिण भारतीय सिनेमा के मेगास्टार और अब राजनेता बन चुके थलापति विजय आज चेन्नई के प्रसिद्ध जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर उन्हें इस ऐतिहासिक पल में शपथ दिलाएंगे।

विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में चमत्कारिक प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें हासिल की हैं।

कांग्रेस, वीसीके और वामदलों के समर्थन से गठबंधन ने बहुमत का 118 का जादुई आंकड़ा आसानी से पार कर लिया है।

इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी समेत कई दिग्गज राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

विजय के पास रहेगा गृह मंत्रालय, कैबिनेट में 9 दिग्गजों को मिलेगी जगह

सूत्रों के अनुसार, अपनी सरकार के पहले चरण में शासन और कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़ बनाए रखने के लिए मुख्यमंत्री विजय गृह, पुलिस और लोक प्रशासन जैसे सबसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास ही रखेंगे।

द्रविड़ राजनीति के पारंपरिक गढ़ों को ध्वस्त कर सत्ता के शिखर पर पहुंचे विजय की पहली कैबिनेट में ‘अनुभव’ और ‘युवा जोश’ का शानदार संतुलन देखने को मिलेगा।

समारोह में विजय के साथ 9 अन्य विधायकों के भी मंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है।

संभावित कैबिनेट मंत्रियों की सूची:

  • केए सेंगोट्टयन: लोक निर्माण विभाग (PWD)

  • एन आनंद: नगर प्रशासन

  • सीटीआर निर्मल कुमार: ऊर्जा विभाग

  • आधव अर्जुना: खेल विकास विभाग

  • राज मोहन: आदि द्रविड़ कल्याण

  • वीएनएस मुस्तफा: अल्पसंख्यक कल्याण

  • पी वेंकटरमणन: स्कूल शिक्षा

  • अरुण राज: वाणिज्यिक कर एवं पंजीकरण विभाग

  • कांग्रेस कोटे से: चुनाव में TVK को समर्थन देने वाली कांग्रेस पार्टी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। कांग्रेस नेता राजेश कुमार और विश्वनाथन को कैबिनेट मंत्री बनाया जा सकता है।

‘मरीना एरिना’ में पहली बार गूंजेगी राजसत्ता की शपथ

चेन्नई का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, जिसे ‘मरीना एरिना’ के नाम से जाना जाता है, आज अपने 80 साल के सफर में एक अभूतपूर्व मोड़ का गवाह बन रहा है।

  • इतिहास: 1946 में ‘कॉरपोरेशन स्टेडियम’ के रूप में बना यह मैदान कभी क्रिकेट का मक्का हुआ करता था (1956 से 1965 के बीच यहां 9 टेस्ट खेले गए)।

  • कायाकल्प: 1993 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जे. जयललिता के कार्यकाल में मात्र 234 दिनों के रिकॉर्ड समय में इसे विश्वस्तरीय स्टेडियम के रूप में पुनर्जीवित किया गया था।

  • परंपरा टूटी: तमिलनाडु के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन या मद्रास विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम की चारदीवारी से निकलकर स्टेडियम के विशाल प्रांगण में हो रहा है।

TVK द्वारा शपथ के लिए इस स्टेडियम का चयन न केवल उनकी संगठनात्मक शक्ति का शक्ति-प्रदर्शन है, बल्कि यह उन पुरानी द्रविड़ पार्टियों के वर्चस्व को सीधी चुनौती भी है।

जो मैदान कल तक फुटबॉल और एथलेटिक्स का गढ़ था, वह आज एक नए राजनीतिक युग के स्वागत में जगमगा रहा है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.