जौनपुर पुलिस मुठभेड़

जौनपुर / शाहगंज : जहरखुरान गिरोह का भंडाफोड़, मुठभेड़ में एक गिरफ्तार

जौनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शाहगंज में मुठभेड़ के बाद शातिर ‘जहरखुरान’ गिरफ्तार, यात्रियों को लिफ्ट देकर करता था लूटपाट “

जौनपुर: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

जौनपुर जिले की शाहगंज पुलिस ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है।

सोमवार देर रात पुलिस और जहरखुरान गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया।

गोलीबारी में घायल हुए इस बदमाश के पास से अवैध हथियार और लूटे गए 9000 रुपये नकद बरामद हुए हैं।

हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उसके तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे।

चिरैया मोड़ के पास हुई घेराबंदी और मुठभेड़

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुंवर अनुपम सिंह के सख्त निर्देशों पर जिले भर में अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव और क्षेत्राधिकारी (CO) शाहगंज अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त कर रही थी।

तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक शातिर गिरोह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चिरैया मोड़ रेलवे लाइन के पास घेराबंदी की।

खुद को घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल होकर गिर पड़ा, जिसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पंकज निषाद (निवासी आजमगढ़) के रूप में हुई है। पुलिस टीम अब फरार तीन आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

यात्रियों को वाहन में बैठाकर ऐसे करते थे लूटपाट

पुलिस पूछताछ में घायल बदमाश पंकज निषाद ने अपने गिरोह के खौफनाक ‘मॉडस ऑपरेंडी’ (Modus Operandi) का खुलासा किया।

उसने बताया कि वे रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर उतरने वाले यात्रियों को अपना निशाना बनाते थे।

वे यात्रियों को वाहन सुविधा (लिफ्ट) का झांसा देकर अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठा लेते थे। रास्ते में उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर या खिलाकर बेहोश कर देते थे और उनका सारा कीमती सामान व नकदी लूटकर उन्हें सुनसान जगह पर फेंक कर फरार हो जाते थे।

वृद्ध महिला से लूटे गए थे बरामद 9000 रुपये

पुलिस ने पकड़े गए बदमाश के कब्जे से 0.315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और 9000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पंकज ने कबूल किया कि 18 मार्च 2026 को उन्होंने शाहगंज रोडवेज से एक वृद्ध महिला को अपनी गाड़ी में बैठाकर उसे नशा दिया था और उसके गहने व रुपये लूट लिए थे।

बरामद 9000 रुपये उसी लूट का हिस्सा हैं। उसने बताया कि बीती रात भी वे अपने साथियों के साथ एक नया शिकार तलाशने आए थे।

घायल बदमाश को इलाज के लिए सीएचसी शाहगंज भेजा गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.