यूपी बोर्ड मूल्यांकन : 18 मार्च से 250 केंद्रों पर चेक होंगी कॉपियां
यूपी बोर्ड 2026:आज से 250 केंद्रों पर शुरू होगा 10वीं-12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन, 1.53 लाख शिक्षक तैनात
लखनऊ: द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) की बोर्ड परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 18 मार्च (बुधवार) से पूरे प्रदेश में शुरू होने जा रहा है। कॉपियों की चेकिंग का यह काम 1 अप्रैल तक चलेगा।
मूल्यांकन प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य भर में कुल 250 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1.53 लाख से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
मूल्यांकन केंद्रों का विवरण बोर्ड द्वारा तय की गई व्यवस्था के अनुसार:
-
117 केंद्रों पर केवल हाईस्कूल (10वीं) की कॉपियां जांची जाएंगी।
-
111 केंद्रों पर केवल इंटरमीडिएट (12वीं) की कॉपियों का मूल्यांकन होगा।
-
22 केंद्रों पर 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जाएंगी।
निष्पक्षता और पारदर्शिता पर जोर
यूपी बोर्ड परिषद के सचिव भगवती सिंह ने बताया कि मूल्यांकन की निष्पक्षता और पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
75 संकलन केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित तरीके से इन 250 मूल्यांकन केंद्रों तक पहुंचा दिया गया है।
मूल्यांकन कार्य के सफल संचालन के लिए 75 मुख्य नियंत्रक और 250 उप नियंत्रक नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही शिक्षकों और कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी पूरा हो चुका है।
कितने शिक्षकों की लगी ड्यूटी?
-
हाईस्कूल: लगभग 4,300 अंकेक्षक, 8,550 उप-प्रधान परीक्षक और 83,800 परीक्षकों की नियुक्ति की गई है।
-
इंटरमीडिएट: करीब 2,590 अंकेक्षक, 5,300 उप-प्रधान परीक्षक और 48,990 परीक्षकों की तैनाती की गई है।
इस वृहद व्यवस्था के साथ यूपी बोर्ड जल्द से जल्द बिना किसी त्रुटि के परिणाम घोषित करने की तैयारी में है।











