Middle east war impact India

मिडिल ईस्ट युद्ध : घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा, कमर्शियल के दाम भी बढ़े

“मिडिल ईस्ट युद्ध की आंच भारतीय रसोई तक: घरेलू LPG सिलेंडर 60 रुपये और कमर्शियल 114.5 रुपये हुआ महंगा “

नई दिल्ली : द पॉलिटिक्स अगेन : श्रीमती शिल्पा की रिपोर्ट 

पश्चिम एशिया में भड़के सैन्य संघर्ष और उसके कारण पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट का सीधा असर अब भारतीय आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है।

तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने आज यानी 7 मार्च से एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की घोषणा कर दी है।

घरेलू और कमर्शियल दोनों सिलेंडरों के दाम बढ़े इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की वेबसाइट पर जारी नई दरों के मुताबिक:

  • घरेलू LPG (14.2 किलो): गैर-सब्सिडी वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये का बड़ा इजाफा किया गया है।

  • कमर्शियल LPG (19 किलो): होटल और रेस्तरां में इस्तेमाल होने वाले 19 किलो के कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 114.5 रुपये बढ़ा दी गई है।

महानगरों में नई दरें (घरेलू सिलेंडर) इस बढ़ोतरी के बाद, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम का घरेलू सिलेंडर अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये का हो गया है।

  • दिल्ली: 913 रुपये

  • मुंबई: 912.50 रुपये

  • चेन्नई: 928.50 रुपये

  • कोलकाता: 939 रुपये

क्यों बढ़ रहे हैं दाम ?

उद्योग से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि पश्चिम एशिया में सैन्य संघर्ष शुरू होने के बाद वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसका यह सीधा परिणाम है।

हालांकि, अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि कीमतों में इस बढ़ोतरी के बावजूद, पड़ोसी देशों की तुलना में भारत में रसोई गैस अब भी सबसे सस्ती है।

बता दें कि पिछले 11 महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है; इससे पहले पिछले साल अप्रैल में 50 रुपये की वृद्धि हुई थी।

उज्ज्वला लाभार्थियों को मिलेगी राहत

आम उपभोक्ताओं के लिए जहां महंगाई बढ़ी है, वहीं ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ के लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है।

2016 में शुरू हुई इस योजना के 10 करोड़ से अधिक गरीब लाभार्थियों को 14.2 किलोग्राम के हर सिलेंडर पर 300 रुपये की सब्सिडी (साल में 12 सिलेंडर तक) लगातार मिलती रहेगी।

दूसरी तरफ, कमर्शियल गैस का इस्तेमाल करने वाले व्यापारियों पर दोहरी मार पड़ी है। 1 मार्च को ही कमर्शियल सिलेंडर पर 28 रुपये बढ़ाए गए थे।

अब 114.5 रुपये की नई बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 1,883 रुपये हो गई है। इस साल अब तक कमर्शियल एलपीजी की दरों में 302.50 रुपये का भारी इजाफा हो चुका है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.