केरल स्थानीय निकाय चुनाव : दूसरे चरण की वोटिंग जारी
“चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड जिलों में वोटिंग हो रही है। नतीजे 13 दिसंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे”
वायनाड 11 / 12 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
केरल में स्थानीय निकाय चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान आज 7 जिलों में हो रहा है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हो गया है और शाम 6 बजे समाप्त होगा।
त्रिशूर, पलक्कड़, कोझीकोड, मलप्पुरम, कन्नूर, वायनाड और कासरगोड जिले के मतदाता आज वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में, 1.53 करोड़ से अधिक मतदाता 604 स्थानीय निकायों (जिनमें ग्राम पंचायत, ब्लॉक पंचायत, जिला पंचायत, नगरपालिका और निगम शामिल हैं) के 12,931 वार्ड के लिए प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।
इस स्थानीय निकाय चुनाव में कुल 38,994 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के लिए 18,274 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 2,055 केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।
इससे पहले 6 दिसंबर को हुए पहले चरण का कुल मतदान प्रतिशत 70.90 रहा। सबसे अधिक मतदान एर्नाकुलम जिले में 73.96% हुआ, जबकि सबसे कम मतदान पत्तनमथिट्टा (पथुनमथिट्टा) जिले में 66.35% दर्ज किया गया। केरल स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे 13 दिसंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।











