Prime Minister Narendra Modi interacting with Ayushman Bharat beneficiaries on the occasion of its 8th anniversary

आयुष्मान भारत के 8 साल: 60 करोड़ लोगों को मिला 5 लाख का हेल्थ कवर

आयुष्मान भारत के 8 साल पूरे: 60 करोड़ लोगों को मिला 5 लाख का हेल्थ कवर, पीएम मोदी बोले- ‘यह दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना’

नई दिल्ली: संतोष सेठ की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘आयुष्मान भारत योजना’ (Ayushman Bharat PM-JAY) ने बुधवार को अपने सफल क्रियान्वयन के आठ साल पूरे कर लिए हैं।

इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए इसे दुनिया की सबसे बड़ी और प्रभावी हेल्थकेयर स्कीम करार दिया है।

इस योजना ने देश के गरीब और मध्यम वर्ग को महंगे इलाज के बोझ तले दबने से बचाया है और स्वास्थ्य सेवाओं को हर घर की दहलीज तक पहुंचाया है।

पीएम मोदी: 500 करोड़ विजिट्स ने प्राथमिक स्वास्थ्य को किया मजबूत योजना के आठ साल पूरे होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर अपनी खुशी जाहिर की।

उन्होंने लिखा, “आठ साल पहले, आयुष्मान भारत की शुरुआत इस सोच के साथ की गई थी कि हर भारतीय को बेहतरीन और किफायती हेल्थकेयर मिल सके।

आज, 60 करोड़ से ज्यादा लाभार्थियों को सालाना 5 लाख रुपए का हेल्थ कवर मिल रहा है, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी हेल्थकेयर स्कीम बन गई है।”

पीएम मोदी ने बताया कि इस योजना से इलाज के खर्च में रिकॉर्ड बचत हुई है। जमीनी स्तर पर प्राथमिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने वाले ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिरों’ में अब तक 500 करोड़ से ज्यादा विजिट दर्ज की जा चुकी हैं।

नड्डा ने जारी किए आंकड़े: 13 करोड़ लोगों ने कराया मुफ्त इलाज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी इस मौके पर प्रधानमंत्री के ‘सेवा के संकल्प’ की सराहना की। उन्होंने योजना की विशालता और सफलता के अहम आंकड़े साझा किए:

  • लाभार्थी और कार्ड: योजना देश भर में आधा अरब (50 करोड़) से ज्यादा लोगों को कवर करती है। अब तक 48.54 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

  • इलाज और बचत: 13 करोड़ से अधिक लोगों ने योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ उठाया है।

  • अस्पतालों का नेटवर्क: देश भर के 39,000 से ज्यादा सूचीबद्ध (Empaneled) सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के माध्यम से मरीजों ने 2 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के अस्पताल खर्च और इलाज की मुफ्त सुविधा प्राप्त की है।

पीयूष गोयल: बीमारी के खर्च की चिंता से मिली मुक्ति

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी योजना की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई इस योजना ने करोड़ों गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण इलाज की पहुंच को आसान बनाया है।

गरीब परिवारों के लिए यह योजना अब इलाज के खर्च की चिंता कम कर, एक स्वस्थ और सुरक्षित जीवन का सबसे बड़ा संबल बन चुकी है।