जौनपुर/शाहगंज : चूहे के पेट से निकाला 240 ग्राम का ट्यूमर

“जौनपुर के शाहगंज में स्थित पालीवाल पेट्स क्लीनिक एंड सर्जिकल सेंटर ने एक अनोखी सर्जरी कर दिखाई है। क्लीनिक के चिकित्सक डॉ. आलोक सिंह पालीवाल ने एक चूहे के पेट से 240 ग्राम का ट्यूमर निकालकर उसे नया जीवन दिया है”

जौनपुर / शाहगंज 28 / 07 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

दरअसल यह मामला जिला मुख्यालय के वाजिदपुर मुहल्ले का है। जानवरों के शौकीन अभय श्रीवास्तव ने एक सफेद चूहा पाल रखा था। यह चूहा पेट में ट्यूमर से पीड़ित था।

अभय ने इसके इलाज के लिए जिला मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय से लेकर निजी चिकित्सकों तक के दरवाजे खटखटाए। लेकिन हर जगह से उन्हें निराशा ही मिली।

अंततः उन्होंने पालीवाल पेट्स क्लीनिक से संपर्क किया। रविवार को चूहे की सर्जरी का दिन निश्चित किया गया। डॉ. पालीवाल ने एनेस्थीसिया देकर लगातार 45 मिनट तक सर्जरी की। इस दौरान उन्होंने चूहे के पेट से 240 ग्राम का ट्यूमर निकाला।

दो साल के चूहे का कुल वजन 640 ग्राम था। इसमें से 240 ग्राम का ट्यूमर देखकर सभी आश्चर्यचकित रह गए। सर्जरी के बाद जब चूहा होश में आया तो सभी ने राहत की सांस ली। जानवर के मालिक ने चिकित्सक के प्रति आभार व्यक्त किया।

डॉ. पालीवाल ने बताया कि चूहे की सर्जरी उनके लिए एक नया अनुभव रहा। उन्होंने इसे जनपद का पहला ऐसा मामला बताया। इस सफल सर्जरी से साबित हुआ कि छोटे जानवरों की जटिल सर्जरी भी संभव है।