जौनपुर : पिस्टल सटाकर पेट्रोल पम्प कर्मी से साढ़े 3 लाख की लूट

“जौनपुर के मानीकला के एक पेट्रोल पंप से बैंक में पैसा जमा करने जा रहे पेट्रोल पंपकर्मी से नकाबपोश बदमाश पिस्टल दिखाकर साढ़े तीन लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। पेट्रोल पंप संचालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना सोमवार की दोपहर ढाई बजे की है”

जौनपुर 15 / 10 / 2024 वरिष्ठ संवाददाता वरुण यादव की रिपोर्ट 

आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के आमगांव निवासी सूरज सिंह ने बताया कि मानीकला स्थित उनकी केएसके पेट्रोल पंप है। सोमवार को दोपहर बाद पेट्रोल पंप का कर्मचारी नीरज यादव तीन लाख 55 हजार 850 रुपये बैग में रखकर सीमावर्ती फुलेश दीदारगंज आजमगढ़ स्थित यूबीआई की शाखा में बाइक से जमा करने जा रहा था।

मानी खुर्द गांव के बाहर पीछे से बाइक से पहुंचे नकाबपोश दो बदमाशों ने नीरज को असलहा दिखाकर रुपये से भरा बैग लूट लिया।

घटना की जानकारी होने पर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान और प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि लूट की घटना हुई है। मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।