महाराष्ट्र – पुणे में भारी बारिश, खडकवासल बांध से पानी छोड़ा, फिर बाढ़, अलर्ट मोड पर प्रशासन, सेना भी तैनात

“पुणे में भारी बारिश हो रही है और खडकवासला बांध से भारी मात्रा में पानी निकल रहा है। इसके चलते पुणे में एक बार फिर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। इसलिए प्रशासन ने बचाव दल तैनात कर दिए हैं”
मुंबई 05/08/2024 (एजेंसी)
महाराष्ट्र के पुणे में भारी बारिश और खड़कवासला बांध से पानी छोड़े जाने के बाद शहर के जलभराव वाले रिहायशी इलाकों में सेना के जवानों को तैनात किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुणे क्षेत्र के खड़कवासला, मुलशी, पवना और अन्य बांधों से पानी छोड़े जाने के मद्देनजर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अधिकारियों को सतर्कता बरतने को कहा है।
इसके अलावा यह भी निर्देश दिया है कि जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सेना की मदद से लोगों को खतरनाक इलाकों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए कदम उठाए।
पुणे शहर और जिले में भारी बारिश की चेतावनी
शिंदे ने एक बयान में कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पुणे शहर और जिले के अन्य क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और आज भारी बारिश देखी गई।
चेतावनी के मद्देनजर प्रशासन को सतर्क रहना चाहिए। नदियों और बांधों के पास खतरे वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ, एसआरएफ और सेना की मदद ली जानी चाहिए तथा प्रभावित लोगों के लिए आश्रय, भोजन, कपड़े, दवाइयां और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जानी चाहिए।
पुणे महानगर पालिका के आयुक्त और जिलाधिकारियों को भी निर्देश दिए गए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे क्षेत्र में खड़कवासला, मुलशी, पवना और अन्य बांधों से पानी छोड़े जाने के बाद संभावित खतरे वाले क्षेत्रों के लोगों और बांध तथा नदियों की बाढ़ रेखा के दायरे में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को एकता नगर, दत्तवाडी, पाटिल एस्टेट, येरवडा, शिवाजी नगर, अदालत परिसर, कामगार पुतला क्षेत्र, हैरिस ब्रिज और दापोडी सहित पुणे के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए व्यवस्था करने का निर्देश दिया।












