सोलन – त्योहारी सीजन के मद्देनज़र चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

“त्योहारी सीजन के मद्देनजर सोलन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रूपरेखा तैयार कर ली है। सोलन पुलिस ने शरारती तत्त्वों पर निगरानी रखने के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया है”

सोलन 15 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 

यह टीमें दिन-रात सोलन शहर में पेट्रोलिंग कर रही हैं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इनमें से कुछ टीमें सिविल ड्रेस में तैनात हैं, जो लोगों के बीच जाकर स्थिति की निगरानी कर रही हैं।

इसके अतिरिक्त सोलन पुलिस ने लोगों की सुरक्षा के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित करने की योजना बनाई है।

इस दौरान पुलिस ने सभी दुकानदारों और व्यापारियों को सलाह दी है कि वह अपने दुकानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

त्योहारी सीजन में शहर में लोगों का आना-जाना काफी बढ़ गया है। सोलन ही नहीं बल्कि साथ लगते क्षेत्रो से लोग बड़ी संख्या में ज्वेलरी, बर्तन, कपड़े और अन्य सामान की खरीददारी करने आ रहे हैं।

ऐसे में चोरी और अन्य अपराधों की घटनाएं बढऩे का खतरा बना हुआ है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक शहर में कोई बड़ी चोरी की घटना नहीं हुई है।

इसके अलावा सोलन पुलिस ने शहर में सीसीटीवी कैमरों की मदद से निगरानी का काम भी शुरू कर दिया है। करीब 120 कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग तीन शिफ्टों में पुलिसकर्मी कर रहे हैं।

यदि सुरक्षा व्यवस्था बनने के लिए आवश्यकता पड़ी तो ड्रोन का उपयोग भी किया जा सकता है। पुलिस ने एनएच पांच सहित प्रमुख बाजारों में यातायात को सुगम बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोलन राजकुमार ने बताया कि फेस्टिवल सीजन के दौरान सोलन शहर में सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विशेष कदम उठाए हैं।

छह टीमों का गठन किया है, जो दिन-रात शिफ्ट के अनुसार पेट्रोलिंग कर रही हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आने-जाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता पडऩे पर ड्रोन का भी सहारा लिया जाएगा।