GRP Jaunpur arrests a youth with 24 liters of illegal beer at Shahganj Junction

जौनपुर: शाहगंज जंक्शन पर 24 लीटर अवैध बीयर के साथ तस्कर गिरफ्तार

जौनपुर: शाहगंज जंक्शन पर GRP की बड़ी कार्रवाई, बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही 24 लीटर अवैध बीयर के साथ युवक गिरफ्तार”

जौनपुर: वरुण यादव की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)

राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने जौनपुर के शाहगंज जंक्शन पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी की एक कोशिश को नाकाम कर दिया है।

रविवार को चेकिंग अभियान के दौरान टीम ने प्लेटफार्म नंबर-1 से एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 24 लीटर अवैध बीयर बरामद की गई।

बरामद की गई बीयर की अनुमानित कीमत करीब छह हजार रुपये बताई जा रही है।

सफेद बोरी में छिपा रखी थीं 48 बोतलें

जीआरपी थानाध्यक्ष सुनील कुमार गोंड के सख्त निर्देशों पर संयुक्त पुलिस टीम आजमगढ़ की ओर जाने वाले प्लेटफार्म पर संदिग्ध यात्रियों और उनके सामानों की सघन चेकिंग कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस टीम की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पुलिस ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद एक सफेद बोरी के अंदर से 500 एमएल (ml) की 48 बीयर की बोतलें बरामद हुईं।

बिहार में महंगे दामों पर बेचने की थी साजिश

पुलिस की कड़ी पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपनी पहचान अंकित गुप्ता (24 वर्ष) के रूप में बताई है, जो आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पूराहादी गांव का निवासी है।

आरोपी ने अपना जुर्म कबूलते हुए बताया कि वह ट्रेन के जरिए इस बीयर की खेप को बिहार ले जाने की तैयारी में था।

चूंकि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, इसलिए वह वहां इसे महंगे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना चाहता था।

फिलहाल, जीआरपी जौनपुर थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल धरपकड़ में जीआरपी और आरपीएफ के कई मुस्तैद जवान शामिल रहे।