जौनपुर: लापरवाही पर SSP का हंटर, 4 दरोगा समेत 10 पुलिसकर्मी निलंबित
जौनपुर: अपराधियों की निगरानी में चूक और लापरवाही पर SSP का हंटर, 4 दरोगाओं समेत 10 पुलिसकर्मी तत्काल निलंबित”
जौनपुर: वरुण यादव की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)
जनपद में पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य में लापरवाही बरतना भारी पड़ गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार शाम 7 बजे एक बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए चार दरोगाओं (उपनिरीक्षकों) समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
पुलिस कप्तान के इस कड़े एक्शन से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
अपराधियों की निगरानी में चूक और अनुशासनहीनता
एसएसपी ने यह कड़ा कदम पुलिसकर्मियों द्वारा ड्यूटी में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, मनमाने रवैये और विशेष रूप से पुराने तथा खतरनाक अपराधियों की निगरानी में की गई गंभीर चूक के कारण उठाया है।
पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट मानना है कि शातिर अपराधियों की निगरानी पुलिस की अहम जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर हुई लापरवाही पूरी कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
सरायख्वाजा और लाइन बाजार थाने के पुलिसकर्मी नपे
जिन 10 पुलिसकर्मियों पर निलंबन की गाज गिरी है, वे सरायख्वाजा और लाइन बाजार थाने में तैनात थे:
-
सरायख्वाजा थाना: उपनिरीक्षक गोविंद मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनंजय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार को निलंबित किया गया है।
-
लाइन बाजार थाना: उपनिरीक्षक रामभरोसा राम, उपनिरीक्षक धनजी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
विभाग में ‘जीरो टॉलरेंस’ का सख्त संदेश
एसएसपी कुंवर अनुपम सिंह की इस त्वरित कार्रवाई के बाद जिले के सभी थानों में तैनात पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर काफी सतर्क नजर आ रहे हैं।
पुलिस कप्तान ने इस कदम के जरिए विभाग में अनुशासन और जवाबदेही तय करते हुए यह साफ संदेश दिया है कि ड्यूटी के प्रति लापरवाही या अपराधियों की निगरानी में कोई भी ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।











