जौनपुर: जफराबाद में युवक की तालाब में डूबने से मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप | The Politics Again
“जफराबाद में युवक की मौत पर कोहराम, परिजनों का हत्या का आरोप, डीएम से लगाई न्याय की गुहार “
जौनपुर (The Politics Again): सुनील कुमार की रिपोर्ट
जौनपुर जिले के जफराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत अहमदपुर गांव में एक युवक की तालाब में डूबने से हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।
पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और न्याय की गुहार लगाई है।
जातिसूचक गालियां देकर तालाब में धकेलने का आरोप
मृतक युवक यश कुमार गौतम उर्फ समीर की मां, सीमा देवी ने गांव के ही दो व्यक्तियों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
प्रार्थना पत्र में सीमा देवी ने बताया कि उनके घर के बगल में पूरब दिशा में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था, जहां अवैध तरीके से मछली पालने के लिए एक तालाब बनवाया गया है।
आरोप है कि दोपहर करीब 12:45 बजे गांव के रिंकू सिंह (पुत्र सुरेश सिंह) और कृपाशंकर (पुत्र अज्ञात) ने यश कुमार गौतम को मां-बहन की भद्दी गालियां दीं और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। इसके बाद उसे जबरन उस अवैध तालाब में धकेल दिया।
डूबता छोड़ फरार हुए आरोपी, पुलिस के हाथ खाली
परिजनों का आरोप है कि तालाब में गिरने के बाद यश कुमार गौतम पानी में डूबने लगा और अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था।
लेकिन, आरोपी उसे डूबता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिसके परिणामस्वरूप उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
इस गंभीर मामले में परिजनों का कहना है कि पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की है, जिससे उनका आक्रोश और बढ़ गया है।
पीड़ित परिवार की प्रमुख मांगें:
कलेक्ट्रेट पहुंचे पीड़ित परिवार ने प्रशासन के सामने निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
-
अवैध तरीके से तालाब बनाकर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।
-
पीड़ित परिवार को भरण-पोषण के लिए कृषि भूमि का पट्टा दिया जाए।
-
परिवार को उचित आर्थिक सहायता (मुआवजा) प्रदान की जाए।
-
मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी दी जाए।
प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए परिजनों को जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन पुलिस की अब तक की सुस्ती पर सवाल उठ रहे हैं।












