उत्तर प्रदेश – जानिये क्या है भेड़ियों का आतंक? हाथों में बंदूक लेकर क्यों गश्त कर रहे है विधायक?

“स्थानीय विधायक हाथो में बन्दूक लिए क्षेत्र में पहरा दे रहे है”

“बहराइच के हरदी थाना क्षेत्र के 32 से अधिक गांवों में डेढ़ माह से अधिक समय से आतंक का पर्याय बने भेड़ियों का खौफ इतना है कि स्थानीय विधायक हाथो में बन्दूक लिए क्षेत्र में पहरा दे रहे है। ये भेड़िये अब तक आठ लोगों की जान ले चुके हैं”

बहराइच – 29 / 08/ 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

भेड़ियों के हमले में जान गंवाने वाले चार मृतकों के परिजनों को सीएम योगी के निर्देश पर पांच-पांच लाख का चेक दिया जा चुका है, जबकि शेष पीड़ित परिवारों को जल्द ही अनुग्रह राशि दी जाएगी।

अब तक जिला प्रशासन की तरफ से अख्तर रजा, प्रतिभा, किशन, संध्या के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये का चेक प्रदान किया जा चुका है। शेष मामलों पर कार्रवाई की जा रही है।

जिन घरों में दरवाजे नहीं, वहां लगवाए जा रहे दरवाजे

जिलाधिकारी की ओर से बताया गया कि जिन घरों में दरवाजे नहीं हैं, वहां विभिन्न फंड के जरिए दरवाजे लगवाए जा रहे हैं। इसके लिए सीएसआर समेत अन्य फंड से पैसा दिया जा रहा है।

गांवों में लगातार रात्रि गश्त किया जा रहा है। वहीं आमजन व महिलाओं को जागरूक करने के लिए आशा वर्कर्स की भी ड्यूटी लगाई गई है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बहराइच में ऑपरेशन भेड़िया पर नजर बनाए हुए हैं। उनके निर्देश पर वन व पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना बुधवार को बहराइच पहुंचे।

वन मंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों संग बैठक भी की। उन्होंने यहां के कई गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि आमजन की सुरक्षा व भेड़ियों को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम मुस्तैदी से जुटी है।

वन विभाग सुरक्षा के लिए ड्रोन मैपिंग कर रहा है। साथ ही थर्मल ड्रोन से भी भेड़ियों को पकड़ने के लिए निगरानी जारी है। वहीं बीते दिनों चार मृतकों के आश्रितों को जिला प्रशासन की तरफ से पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि पहले ही दी जा चुकी है।

शेष के परिजनों को जल्द ही राशि जारी की जाएगी। भेड़िये अब तक आठ लोगों की जान ले चुके हैं। इसीलिए रात को विशेष सतर्कता बरती जा रही है। ड्रोन से भेड़ियों की तलाश की जा रही है। 

तीन भेड़िए पकड़े जा चुके, तीन को पकड़ने में जुटी वन विभाग की टीम

प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव संजय श्रीवास्तव ने बताया कि भेड़ियों को पकड़ने के लिए 16 टीमें तैनात की गई हैं। यहां जिला स्तर के 12 अधिकारी भी कैंप कर रहे हैं।

हाथों में बंदूक लेकर गश्त करते दिखे विधायक

लगातार जारी हमले व दहशत के बीच जिला प्रशासन पूरी क्षमता के साथ भेड़ियों की तलाश कर रहा है। वहीं अब खुद महसी विधायक सुरेश्वर सिंह को भी मोर्चा संभाले देखा जा रहा है।

विधायक नियमित प्रभावित गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ गश्त कर रहे हैं। रविवार को उन्हें खुद व कार्यकर्ताओं को हाथों में बंदूक लेकर गश्त करते देखा गया।

भेड़िया पकड़े जाने तक अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रेनू सिंह यहां कैंप करती रहेंगी। डीएफओ बाराबंकी आकाश बधावन व डीएफओ नवीन प्रकाश भी ‘ऑपरेशन भेड़िया’ को सकुशल पूरा करने में जुटे हैं। 

अब तक दो महीने में सात की ले चुके हैं जान

खैरीघाट थाना क्षेत्र के दीवानपुरवा निवासी अयांश (5) को निवाला बनाने से पूर्व भेड़िया हरदी थाना क्षेत्र के कुम्हारन पुरवा निवासी रीता देवी(52), हरदी क्षेत्र निवासी खुशबू (5), संध्या (4), सिसैया चूरामणि के मजरा कोलैला निवासी किशन(7), नकवा निवासी प्रतिभा (2) व मक्कापुरवा निवासी अख्तर रजा (डेढ़ वर्ष) को निवाला बना चुका है। यहीं नहीं कटैलापुरवा निवासी राजपत (8), सुखरामपुरवा निवासी सोनू (8), नथुवापुर निवासी फकीरे (70) व फकीरे की बहू संपत (20), सिसैया चूड़ामड़ि निवासी मखाना (80) व सोनम (10), खौरहवा बाबा निवासी छोटेलाल(60), दरैहिया निवासी उत्कर्ष(10), गंगापुरवा निवासी कांति (7), अजीत (12), बैरागीपुरवा निवासी पल्लवी(6), दिव्यांशी (5), अनुराधा (9), किलाची (7), काजल (25), वंश (8), शिवानी(9), हरियाली (6) समेत 25 को घायल कर चुका है।