CM Yogi Adityanath distributing appointment letters to newly selected UP Police sub-inspectors and assistant sub-inspectors in Lucknow

उत्तर प्रदेश : सीएम योगी ने 912 पुलिस अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

लखनऊ: सीएम योगी ने 912 पुलिस अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र, कहा- ‘6 महीने में देंगे 1 लाख और सरकारी नौकरियां’

लखनऊ:संतोष सेठ की रिपोर्ट : (THE POLITICS AGAIN)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ‘सीधी भर्ती-2023’ के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

 

ये नव-नियुक्त युवा पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और पुलिस सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर अपनी सेवाएं देंगे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर तीखा हमला बोला और प्रदेश में रोजगार को लेकर अपनी सरकार का विजन साझा किया।

‘अगले 6 महीनों में 1 लाख युवाओं को मिलेगी नौकरी’

सीएम योगी ने विरोधियों को करारा जवाब देते हुए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा, “2017 से पहले नियुक्ति पत्र बांटने को लेकर हंगामा करने वालों से मैं कहना चाहता हूं कि हम आज फिर नियुक्ति पत्र बांट रहे हैं।

अगले छह महीनों में हम उत्तर प्रदेश में एक लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी देने जा रहे हैं।”

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, यूपी में अब तक 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है (पिछले महीने ही कृषि विभाग में 3572 युवाओं को नियुक्तियां दी गई थीं)।

पिछली सरकारों के ‘भाई-भतीजावाद’ पर करारा प्रहार

मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्हें ‘बीमारू सोच’ वाला करार दिया।

  • भ्रष्टाचार और सिफारिश: सीएम ने कहा, “2017 से पहले भाई-भतीजावाद का बोलबाला था। विज्ञापन आते ही युवा मान लेते थे कि बिना सिफारिश और लेन-देन के नौकरी नहीं मिलेगी।

  • पिछली सरकारों ने भर्ती बोर्डों में अपने लोग बिठाकर विश्वसनीयता खत्म कर दी थी, जिससे यूपी ‘बीमारू’ राज्य बन गया था।”

  • पारदर्शिता से बढ़ा विश्वास: उन्होंने जोर देकर कहा कि जब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और शुचितापूर्ण होती है, तो आम आदमी का शासन व्यवस्था पर विश्वास बढ़ता है।

‘अब यूपी में दंगे नहीं, सिर्फ मॉक ड्रिल होती है’

कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए सीएम योगी ने कहा कि पहले माफिया खुलेआम हथियारों के साथ जीप में घूमते थे, लेकिन आज यूपी में पूरी तरह से ‘कानून का राज’ है।

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा, “आज किसी की हिम्मत नहीं है कि वह असलहे लहराए। अब यूपी में दंगे नहीं होते हैं, अब हम दंगे की सिर्फ मॉक ड्रिल कराते हैं ताकि पुलिस तैयार रहे।”

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त पुलिस अधिकारियों को बधाई दी और उनसे ईमानदारी से जनता की सेवा करने का आह्वान किया।