उत्तर प्रदेश – कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद सड़क हादसे में घायल
“निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद सड़क हादसे में घायल हो गए। बुधवार को वह प्रतापगढ़ में समीक्षा बैठक करने के लिए आ रहे थे। रास्ते में हादसा हो जाने से वह घायल हो गए। आनन फानन में उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया”
प्रतापगढ़ 10 / 10 / 2024 वरिष्ठ संवाददाता वरुण यादव की रिपोर्ट
मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश के मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद की कार स्कॉर्ट में चल रहे वाहन से टकरा गई। मामूली रूप से घायल मंत्री को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया।
जहां वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने जांच कर उपचार किया। जानकारी पर डीएम, एसपी, सीडीओ और सीएमओ भी पहुंचे। करीब एक घंटे बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मत्स्य पालन मंत्री संजय निषाद बुधवार को विभागीय समीक्षा बैठक करने के लिए लखनऊ से प्रतापगढ़ आ रहे थे। रायबरेली के सलोन में मत्स्य पालन मंत्री का काफिला गुजर रहा था।
करहिया बाजार के करीब अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में स्कॉर्ट की गाड़ी के चालक ने ब्रेक लगा दिया। जिससे मंत्री की कार स्कॉर्ट वाहन में पीछे से टकरा गई।
इससे मंत्री की कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि गनीमत यह रही कि मंत्री व कार चालक को मामूली चोटें आईं।











