मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव यूसीसी और तीन तलाक पर बयान देते हुए

MP में UCC: मोहन यादव की चेतावनी- 3 तलाक कहा तो सीधे जेल

MP में लागू होगा UCC: CM मोहन यादव की चेतावनी- ‘3 तलाक कहा तो सीधे जेल’, राम 1 तो रहीम 4 शादी क्यों करे?

भोपाल/कटनी: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

मध्य प्रदेश में 20 जुलाई से शुरू होने जा रहे विधानसभा के मॉनसून सत्र से पहले राज्य की सियासत गरमा गई है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार इस सत्र में ‘समान नागरिक संहिता’ (UCC) बिल पेश करने जा रही है।

इस बिल को पटल पर रखने से ठीक पहले सीएम मोहन यादव ने एक बेहद कड़ा और बड़ा बयान दिया है।

उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में अब अलग-अलग धर्मों के लिए अलग-अलग कानून नहीं चलेंगे और तीन तलाक कहने वालों को सीधा जेल भेजा जाएगा।

‘एक शादी करने वालों को ही राज्य में रहने का अधिकार’

कटनी में सांदीपनि विद्यालय के लोकार्पण के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम मोहन यादव ने कहा, “हम सब भारत मां के लाल हैं, तो भेदभाव का सवाल ही कहां उठता है?”

उन्होंने बहुविवाह प्रथा पर सीधा प्रहार करते हुए कहा, “तलाक का जमाना अब गया। अब केवल एक ही शादी करने का अधिकार है।

अगर कोई ‘तलाक, तलाक, तलाक’ कहेगा तो उसे उठाकर सीधे जेल में बंद कर दिया जाएगा।”

सीएम ने आगे कहा, “जब देश में ‘एक देश, एक विधान, एक प्रधान, एक निशान’ की बात होती है तो हिंदू का कानून अलग और मुसलमान का कानून अलग क्यों होना चाहिए?

अगर रामचंद्र नाम का व्यक्ति एक शादी करता है, तो रहीम नाम के शख्स से भी एक ही शादी की अपेक्षा की जाती है। वह 2, 3 या 4 शादियां क्यों करेगा? हमारी मुस्लिम बहनें भी हमारी बहनें हैं।”

UCC लागू करने के लिए सरकार की पूरी तैयारी

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

  • उन्होंने जानकारी दी कि सुप्रीम कोर्ट की पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था।

  • इस समिति ने प्रदेश भर में सभी धर्मों, वर्गों और राजनीतिक दलों के लोगों से संवाद कर यूसीसी पर 10 लाख से अधिक सुझाव एकत्र किए हैं।

  • सीएम ने जोर देकर कहा कि फिलहाल विवाह और उत्तराधिकार जैसे मामलों में हिंदुओं और मुस्लिमों के कानून अलग-अलग हैं, जिसे अब एक समान किया जाएगा।

‘कांग्रेस का रवैया दोहरा, हिंदू-मुस्लिम की करती है राजनीति’

सीएम मोहन यादव ने कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि मुख्य विपक्षी दल हमेशा ऐसे विषयों को ‘हिंदू-मुसलमान’ के चश्मे से देखता है।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने यूसीसी पर हमेशा की तरह अपना दोहरा रवैया अख्तियार किया है। अपने वोट बैंक की चिंता के कारण कांग्रेस यूसीसी समिति की बैठकों से गायब रही और अपना मत तक नहीं रखा।”

सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस यूसीसी हो या धार की भोजशाला का मुद्दा, दोनों से मुंह चुराती है।

भोजशाला विवाद पर स्पष्ट किया सरकार का रुख

सीएम यादव ने सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन धार की भोजशाला के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न्यायालय के हर फैसले का पालन करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला सुनाएगा, उसे ‘सिर-आंखों पर लेते हुए’ सरकार उसके पालन के लिए आगे बढ़ेगी।