प्रयागराज में तिहरा हत्याकांड, मूक-बधिर दंपती समेत तीन की निर्मम हत्या
प्रयागराज में सनसनीखेज तिहरा हत्याकांड: मूक-बधिर दंपती और महिला की निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिले शव”
प्रयागराज (उत्तर प्रदेश): द पॉलिटिक्स अगेन : क्राइम डेस्क
प्रयागराज जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ीकलां में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
यहां किराये के कमरे में रह रहे एक मूक-बधिर दंपती और एक अन्य महिला की सोमवार रात निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई।
मंगलवार सुबह जब तीनों के शव कमरे में खून से लथपथ मिले, तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर खून से सना एक गैस सिलिंडर भी मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने उसी से प्रहार कर तीनों को मौत के घाट उतारा।
दरवाजा खुला तो सामने था खौफनाक मंजर
गढ़ीकलां में सुशीला देवी का दो मंजिला मकान है, जिसमें चार किरायेदार रहते हैं। पहली मंजिल पर करीब 35 वर्षीय युवक अपनी 32 वर्षीय पत्नी के साथ पिछले छह माह से रह रहा था।
दोनों बोल और सुन नहीं सकते थे, इसलिए मोहल्ले वाले उन्हें ‘गूंगा-गूंगी’ कहकर बुलाते थे। वे कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करते थे।
रोजाना सुबह 6 बजे काम पर निकलने वाला यह दंपती जब मंगलवार सुबह बाहर नहीं आया, तो सुबह करीब 7 बजे मकान मालकिन सुशीला देवी ने उनके कमरे में झांककर देखा।
भीतर बिस्तर पर पति-पत्नी और एक 45 वर्षीय महिला के खून से लथपथ शव पड़े थे। यह खौफनाक मंजर देखकर वह चीख पड़ीं और पड़ोसियों को बुलाया।
शराब पार्टी और निर्मम हत्या
सूचना मिलते ही कोतवाली एसीपी रवि गुप्ता, शाहगंज थाना प्रभारी वैभव सिंह और डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
-
कमरे का दृश्य बेहद भयावह था। दोनों महिलाओं के शव एक-दूसरे के ऊपर पड़े थे, जबकि युवक का शव अलग था।
-
मौके पर पुलिस को शराब की खाली बोतलें भी मिली हैं, जिससे अंदेशा है कि रात में कमरे में शराब पी गई थी।
-
मारे गए तीनों लोगों में से किसी का भी पहचान पत्र नहीं मिला है, जिससे अभी तक उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
-
पुलिस ने शक के आधार पर मोहल्ले के दो युवकों को हिरासत में लिया है और मकान मालकिन के बेटे से भी पूछताछ कर रही है।
वाराणसी के पीएसी जवान के बेटे से जुड़ा कनेक्शन
पुलिस को मृतकों के कमरे से एक मोबाइल नंबर मिला है। जांच में पता चला कि यह नंबर वाराणसी के एक मूक-बधिर युवक का है, जिसके पिता पीएसी (PAC) में दीवान पद पर तैनात हैं। पुलिस ने उस युवक को पूछताछ के लिए प्रयागराज बुलाया है।
इसके अलावा, मृतक युवक अक्सर प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के आसपास रहता था, इसलिए पुलिस स्टेशन परिसर में वेंडरों और सफाईकर्मियों को फोटो दिखाकर जानकारी जुटा रही है।
किरायेदार ने सुनी थी भारी चीज गिरने की आवाज
मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाले किरायेदार ऋषि सिंह ने बताया कि रात में उसने किसी भारी चीज के गिरने की तेज आवाज सुनी थी, लेकिन उसे लगा कि किसी ने सिलिंडर पटका होगा। नींद में होने के कारण उसने ध्यान नहीं दिया।
डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने बताया कि सभी के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों की तलाश तेजी से की जा रही है।











