TRAI Annual Report 2025

TRAI का ‘डिजिटल स्ट्राइक’: 2025 में 7.3 लाख स्पैम कॉलर्स को नोटिस, 21 लाख से ज्यादा कनेक्शन काटे गए

“अगर आपको लगता है कि पिछले कुछ समय में आपके फोन पर आने वाली स्पैम कॉल्स (Spam Calls) की घंटी कम बजी है, तो इसके पीछे भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की सख्ती है”

नई दिल्ली: THE POLITICS AGAIN : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

TRAI ने वर्ष 2025 के लिए अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है, जिसमें खुलासा किया गया है कि ‘अवांछित वाणिज्यिक संचार’ (UCC) यानी स्पैम कॉल्स और एसएमएस के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है।

स्पैमर्स पर नकेल: आंकड़ों का खेल

TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2025 स्पैम फैलाने वाले टेलीमार्केटर्स के लिए बुरा सपना साबित हुआ है।

  • नोटिस जारी: नियमों का उल्लंघन करने वाले 7,31,120 ‘अपंजीकृत टेलीमार्केटर्स’ (UTM) को नोटिस थमाया गया।

  • प्रतिबंध (Ban): 4.73 लाख संस्थाओं पर एक महीने का और बार-बार गलती करने वाले 89,936 लोगों पर 6 महीने का संचार प्रतिबंध लगाया गया।

  • कनेक्शन कट: अगस्त 2024 से अब तक कुल 21.05 लाख से अधिक मोबाइल कनेक्शन काटे जा चुके हैं, जो लगातार स्पैम फैला रहे थे। अकेले 2025 में 1.84 लाख कनेक्शन काटे गए।

जनता हुई जागरूक: DND ऐप का इस्तेमाल बढ़ा

TRAI के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार लाहोटी ने कहा कि उपभोक्ता अब चुप नहीं बैठ रहे। 2025 में स्पैम के खिलाफ कुल 31.09 लाख शिकायतें दर्ज की गईं।

  • DND ऐप: इनमें से 17 लाख से ज्यादा शिकायतें सीधे ‘Do Not Disturb’ (DND) ऐप के जरिए आईं।

  • इंस्टॉलेशन: 2025 में DND ऐप डाउनलोड करने वालों की संख्या में 84% की वृद्धि हुई और यह आंकड़ा 28 लाख के पार पहुंच गया।

AI और ब्लॉकचेन से निगरानी

TRAI अब पुरानी तकनीकों के भरोसे नहीं है। स्पैम को रोकने के लिए ‘दोहरी रणनीति’ अपनाई जा रही है:

  1. AI स्पैम डिटेक्टर्स: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से फर्जी कॉल और मैसेज को नेटवर्क स्तर पर ही पहचाना जा रहा है।

  2. DLT (ब्लॉकचेन): केवल पंजीकृत कंपनियों को ही मैसेज भेजने की अनुमति दी जा रही है।

TRAI ने साफ किया है कि पंजीकृत टेलीमार्केटर्स के मुकाबले, बिना रजिस्ट्रेशन के चोरी-छिपे कॉल करने वाले (Unregistered Telemarketers) सबसे बड़ी समस्या हैं और उन पर ही सबसे ज्यादा कार्रवाई हो रही है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.