जौनपुर टावर किशोरी हाई वोल्टेज ड्रामा

Jaunpur : टावर पर चढ़ी किशोरी, मड़ियाहूं में ‘शोले’ जैसा हाई-वोल्टेज ड्रामा

मड़ियाहूं में ‘शोले’ पार्ट-2: जेल गए प्रेमी से शादी की जिद पर Vi टावर पर चढ़ी किशोरी, घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा “

जौनपुर (मड़ियाहूं): द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

जौनपुर जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के बेनीपुर गांव में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी ‘शोले’ फिल्म के वीरू की तरह एक मोबाइल टावर (Vi Tower) पर चढ़ गई।

किशोरी की मांग थी कि उसके प्रेमी को तुरंत मौके पर बुलाया जाए और उसी से उसकी शादी कराई जाए।

लगभग दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और परिजनों ने समझा-बुझाकर उसे सकुशल नीचे उतारा।

प्रेमी POCSO एक्ट में जा चुका है जेल

जानकारी के मुताबिक, बेनीपुर गांव की रहने वाली यह किशोरी पास के ही मढ़ी गांव के निवासी आकाश तिवारी से प्रेम करती है और उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी।

लेकिन इस प्रेम कहानी में एक बड़ा पेंच यह है कि पुलिस ने आरोपी आकाश तिवारी को बीते 6 अप्रैल को ही पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

‘प्रेमी को बुलाओ, नहीं तो कूद जाऊंगी’

स्थानीय लोगों ने बताया कि जब किशोरी को पता चला कि उसका प्रेमी आकाश जेल चला गया है, तो वह परेशान हो गई।

गुरुवार सुबह उसने अपनी मां और बड़ी बहन को धमकी दी कि या तो उसकी शादी आकाश से कराओ, नहीं तो वह टावर से कूदकर जान दे देगी।

इसके बाद सुबह करीब 10:30 बजे वह दौड़कर गांव के बाहर लगे Vi नेटवर्क के ऊंचे टावर पर चढ़ गई।

किशोरी को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां जमा हो गई और लोगों की सांसें अटक गईं।

झूठा आश्वासन देकर पुलिस ने उतारा नीचे

घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरबी (PRV) और नेवढ़िया थाना प्रभारी निरीक्षक राजाराम द्विवेदी अपनी पुलिस टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे।

टावर के नीचे किशोरी की मां, बड़ी बहन और पुलिसकर्मी लगातार उससे नीचे उतरने की मिन्नतें करते रहे।

काफी मशक्कत के बाद, पुलिस और परिजनों ने किशोरी को आश्वासन दिया कि नीचे आने पर उसे उसके प्रेमी से मिलवाया जाएगा।

इस झूठे आश्वासन के बाद दोपहर करीब 12:20 बजे किशोरी टावर से नीचे उतरी। नीचे आते ही पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ व काउंसलिंग के लिए थाने ले गई।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.