मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने डोभी सीएचसी सहित विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर अनुपस्थित चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जौनपुर: सीएमओ का स्वास्थ्य केंद्रों पर औचक निरीक्षण, अनुपस्थित महिला चिकित्साधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश”
जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : अब्दुल हई राजा की रिपोर्ट
जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और अस्पतालों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम गौतम ने सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोभी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) देवकली और छितौनी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया गया।
औचक निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी में तैनात महिला चिकित्साधिकारी डॉ. आकृति तिवारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं।
इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके वेतन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए।
सीएमओ ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में समय पर चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करना प्राथमिकता है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान अन्य सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अस्पताल परिसरों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने, मरीजों एवं उनके परिजनों के बैठने की समुचित व्यवस्था करने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर वातावरण और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सीएमओ डॉ. गंगाराम गौतम ने निर्देश दिया कि अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं का वितरण केवल चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार ही किया जाए।
साथ ही उन्होंने अग्निशमन (फायर फाइटिंग) उपकरणों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और समय-समय पर उनकी जांच सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों का विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराकर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित निरीक्षण की प्रक्रिया जारी रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही, अनुपस्थिति या मरीजों की सुविधाओं की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों एवं अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इजरायल में नई सरकार के गठन पर भारत ने साफ किया रुख, गादी आइजेनकोट के…
यूपी चुनाव 2027: BJP को रोकने के लिए ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का 'हाथ' मिलेगा?…
रामपुर में सरेआम 'खूनी खेल': CRPF आतंकी हमले से बरी मोहम्मद शरीफ की गोलियों से…
सोनिया गांधी का बड़ा खुलासा: 'मैं अंदर से टूटी थी, राहुल-प्रियंका के डर के कारण…
दिल्ली सरकार का बड़ा फैसला: 16 नवंबर को 'छठ पूजा' पर सार्वजनिक अवकाश घोषित, यहां…
जौनपुर: दिवाली के जश्न के बीच बसरा गांव में 'खूनी खेल', पुरानी रंजिश में घर…