सोलन – स्वास्थ्य मंत्री ने मशीवर में दो दिवसीय मेले का किया समापन

“स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, त्योहार एवं उत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। डॉ. शांडिल बुधवार को सोलन विस क्षेत्र की ग्राम पंचायत मशीवर के गांव कोटला में दो दिवसीय गांधी जयंती मेले के समापन समारोह में संबोधित कर रहे थे”

सोलन 03 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट 

डॉ. शांडिल ने इस अवसर पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।

उन्होंने कहा कि मेले जहां भाईचारे को बढ़ाते हैं वहीं लोगों को मानसिक रूप से सकारात्मक बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों के आयोजन से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से रूबरू होने का मौका मिलता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने डवारली से लामन सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 2.5 लाख रुपये, महिला मंडल सेर बनेड़ा भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त राशि के रूप में 1.5 लाख रुपये, माध्यमिक पाठशाला कोटला की चारदीवारी निर्माण के लिए 1.5 लाख रुपये, माध्यमिक पाठशाला बागड़ की छत मरम्मत के लिए 1.5 लाख रुपये, बाबा बालक नाथ मंदिर ओयली के सामुदायिक भवन के लिए 1.5 लाख रुपये और ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा में रास्ता निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की।

उन्होंने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और इनके निपटारे के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों तथा स्थानीय स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।

इस दौरान जोगिंद्रा सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, खंड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष संजीव ठाकुर, मशीवर पंचायत प्रधान नरेंद्र ठाकुर, सेर बनेड़ा प्रधान हेम लता शर्मा, मशीवर के उप प्रधान नरेश कुमार, सेर बनेड़ा के उपप्रधान रवि कांत, गांधी जयंती मेला समिति के प्रधान राजेश ठाकुर, बीडीसी सदस्य कली राम आदि मौजूद रहे।