सोलन – धान रखने की जगह न मिलने पर किसानों ने दिया धरना
“नालागढ़ के इंदिरा अनाज मंडी में धान रखने के लिए स्थान न होने को लेकर किसानों ने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने सिविल सप्लाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी की”
बद्दी/सोलन 18 / 10 / 2024 नीतू कौशल की रिपोर्ट
उन्होंने आरोप लगाया कि अनाज मंडी में धान रखने की जगह नहीं है। इससे किसानों को धान नहीं बिक रहा। जो किसान किराये की ट्राली में धान लेकर आए हैं, उन्हें धान खाली करने की जगह नहीं मिल रही। इससे किसानों को ट्रैक्टर की दिहाड़ी भी देनी पड़ रही है।
किसान यूनियन के प्रधान सुरमुख सिंह, सुच्चा सिंह, अमृत पाल, जसवंत सिंह, जगदीप सिंह, अमरजीत सिंह ने इंदिरा अनाज मंडी में प्रदर्शन किया।
सुरमुख सिंह ने बताया कि पूरी अनाज मंडी धान से भर गई है। बाहर जो किसान धान लेकर आ रहे हैं, उनके ट्रैक्टर खाली नहीं हो रहे हैं। जो किसान किराये पर ट्रैक्टर लेकर आए हैं उनके बिना कारण ट्रैक्टर की दिहाड़ी देनी पड़ रही है।
किसान कई कई दिन बीत जाने के बाद भी धान नहीं उतार पा रहे। यही नहीं यहां पर पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इससे किसान 20 रुपये की बोतल लेकर प्यास बुझा रहे हैं।
किसानों ने कहा कि पहले तो टोकन सिस्टम ही किसानों की परेशानी बना हुआ है। पंजाब में अब हिमाचल के किसानों का धान नहीं बिक रहा है। इसी परेशानी के चलते किसान पंजाब की मंडियों में जाते थे। अब यहां पर वहीं परेशानी दोबारा शुरू हो गई है।
कृषि उपज मंडी नालागढ़ के प्रभारी गंगा राम ने बताया कि सेलरों से धान की सप्लाई के लिए संपर्क चल रहा है। जैसे ही धान यहां पर उठना शुरू हो जाएगा तो धान की बिक्री भी सुचारू हो जाएगी।











