जम्मू कश्मीर में दूसरे चरण के 26 सीटों पर मतदान आज

“जम्मू-कश्मीर में चल रहे विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में आज मतदान होगा। छह जिलों की 26 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में 239 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 25.78 लाख मतदाता करेंगे। इसे लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध कर लिए गए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक होगा”

जम्मू 25 / 09 / 2024 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर के तीन जिलों गांदरबल, श्रीनगर और बडगाम की 15, जम्मू के तीन जिले राजोरी, रियासी और पुंछ की 11 सीटों पर मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

सुगम और परेशानी मुक्त भागीदारी के लिए चुनाव आयोग ने 3502 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 1056 शहरी क्षेत्र और 2446 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। पारदर्शी चुनाव के लिए मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग होगी।

मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 157 विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं।इनमें 26 पिंक मतदान केंद्र हैं, जिन्हें महिला कर्मियों की ओर से संचालित किया जाएगा।

इसी तरह 26 केंद्र दिव्यांग कर्मी, 26 मतदान केंद्र युवा संचालित करेंगे। 26 हरित मतदान केंद्र और 22 विशिष्ट मतदान केंद्र भी बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच चुकी हैं।

इस चरण में श्रीनगर जिले में 93, बडगाम जिले में 46, राजोरी जिले में 34, पुंछ जिले में 25, गांदरबल जिले में 21, रियासी जिले में 20 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें पहले चरण में 18 सितंबर को 61.38 प्रतिशत मतदान हुआ था।

इस चरण में पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों समेत की कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनमें नेका नेतां व पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जेकेपीसीसी अध्यक्ष तारिक हामिद कर्रा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र रैना प्रमुख चेहरे हैं।

उमर अब्दुल्ला गांदरबल और बडगाम दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि हामिद कर्रा सेंट्रल शाल्टेंग सीट से मैदान में हैं। रवींद्र रैना राजोरी जिले की नौशेरा सीट से चुनाव में उतरे हैं। उनके लिए इस सीट पर जीत को बरकरार रखने की चुनौती है। वह इस सीट से 2014 के विधानसभा चुनाव जीते थे।

अन्य प्रमुख तेहरों में अपनी पार्टी के अध्यक्ष अल्ताफ बुखारी (छानपोरा), पूर्व मंत्री अली मोहम्मद सागर (खानयार), अब्दुल रहीम राथर (चरार-ए-शरीफ) और चौधरी जुल्फिकार अली (बुद्धल) और सैयद मुश्ताक बुखारी (सुरनकोट) मैदान में हैं। जुल्फिकार और मुश्ताक बुखारी दोनों भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।

इन सीटों पर होगा मतदान

कश्मीर संभाग में जिला श्रीनगर की हजरतबल, खानयार, हब्बाकदल, लाल चौक, छानपोरा, जडीबल, सेंट्रल शाल्टेंग और ईदगाह, बडगाम जिले की बडगाम, बीरवाह, खान साहिब, चरार-ए-शरीफ और चाडूरा, गांदरबल जिले की कंगन और गांदरबल सीट पर मतदान होगा।

वहीं, जम्मू संभाग में गुलाबगढ़, रियासी, श्री माता वैष्णो देवी, कालाकोट-सुंदरबनी, नौशेरा, राजोरी, बुधल, थन्ना मंडी, सुरनकोट, पुंछ हवेली और मेंढर सीट पर वोट डाले जाएंगे।

PREMIUM NEWS

अपनी Premium Membership चुनें

Premium articles बिना restriction पढ़ें।

Monthly

₹99/month

30 days Premium access

You have successfully subscribed to the newsletter

There was an error while trying to send your request. Please try again.

The Politics Again will use the information you provide on this form to be in touch with you and to provide updates and marketing.