आजमगढ़ के पवई में दादा और पोते की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या
आजमगढ़ में रोंगटे खड़े करने वाला दोहरा हत्याकांड: दादा और पोते की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या, पारिवारिक रंजिश पर टिकी पुलिस की नजर”
आजमगढ़ : THE POLITICS AGAIN डेस्क (क्राइम रिपोर्ट) : संतोष सेठ की रिपोर्ट
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है।
जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवती डीहवा गांव में शुक्रवार की सुबह हुए इस दोहरे हत्याकांड (Double Murder) ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
घर और ट्यूबवेल पर सो रहे दादा और उनके पोते की अज्ञात हमलावरों ने कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंच गई है।
पूरा घटनाक्रम
मिली प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार गांव निवासी 70 वर्षीय जगदंबा प्रसाद यादव रोज की तरह घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित अपने ट्यूबवेल पर सोने गए थे।
वहीं, उनका 25 वर्षीय पोता अंकित घर पर अपनी चचेरी दादी फूलमती और अपने दो भाइयों के साथ सो रहा था।
देर रात अज्ञात हमलावर घर में दाखिल हुआ और सो रहे अंकित पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले की आहट सुनकर चचेरी दादी फूलमती की नींद खुल गई। शोर मचाने पर हमलावर फरार हो गया।
घायल अंकित को परिजन तुरंत इलाज के लिए अंबेडकर नगर के नगपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अंकित की मौत की सूचना देने के लिए जब परिजन ट्यूबवेल पर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए।
वहां जगदंबा प्रसाद यादव भी मृत पाए गए। उनके गले और शरीर पर धारदार हथियार (कुल्हाड़ी) से वार के गहरे निशान थे।
पुलिस की जांच और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण चिराग जैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पुलिस को घर से करीब 100 मीटर दूर एक खेत में खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है।
पारिवारिक लेनदेन और क्लेश का मामला
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि रात करीब दो बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।
शुरुआती छानबीन और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस इस मामले को ‘पारिवारिक लेनदेन’ और ‘आपसी क्लेश’ से जोड़कर देख रही है।
पुलिस का मानना है कि हत्यारा घर और ट्यूबवेल की स्थिति से पूरी तरह वाकिफ था, इसलिए इसे किसी करीबी या रंजिश रखने वाले व्यक्ति द्वारा अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पुलिस ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद से ही गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण सदमे में हैं।











