जनगणना 2027 तैयारी

जौनपुर : जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: DM ने दिए निर्देश

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज: DM ने दिए समयबद्ध रूप से काम पूरा करने के निर्देश, 10,000 कर्मियों की होगी तैनाती 

जौनपुर : द पॉलिटिक्स अगेन : वरुण यादव की रिपोर्ट 

आगामी ‘भारत की जनगणना 2027’ के प्रथम चरण को सुचारू और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है।

इसी कड़ी में प्रमुख जनगणना अधिकारी और जिलाधिकारी (DM) डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक अहम जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया।

इस बैठक में जनगणना की तैयारियों और रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

CMMS पोर्टल पर आईडी बनाने के निर्देश

बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने सभी चार्ज अधिकारियों (Charge Officers) को कड़े निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों (Supervisors) की ‘सी.एम.एम.एस. (CMMS) पोर्टल’ पर यूजर आईडी बनाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।

इसके साथ ही, उनके प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) बैच बनाने का कार्य भी आगामी तीन दिनों के भीतर हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

16 अप्रैल से शुरू होगा 10,000 कर्मियों का प्रशिक्षण

जिले में जनगणना जैसे बड़े और अहम कार्य को बिना किसी त्रुटि के पूरा करने के लिए एक विशाल मानव संसाधन की आवश्यकता होगी।

जानकारी के अनुसार, जिले में 10,000 से अधिक गणनाकर्मियों की नियुक्ति की जा रही है। इन सभी कर्मियों का प्रशिक्षण 16 अप्रैल से तहसील स्तर पर शुरू किया जाना प्रस्तावित है।

“अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध है कार्य”

जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि, “जनगणना का कार्य राष्ट्रीय स्तर का, अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध है।

इसलिए, इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी इस कार्य को पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करना सुनिश्चित करें।”

इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) परमानंद झा, वरिष्ठ कोषाधिकारी उमाशंकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मचारीगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.