संसद बजट सत्र: लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष का अविश्वास प्रस्ताव खारिज

संसद में संग्राम: स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज, राहुल का PM पर वार

“संसद के मौजूदा बजट सत्र में लगातार हंगामा जारी है। बुधवार को लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला (Om Birla) को पद से हटाने के लिए विपक्ष द्वारा लाया गया अविश्वास प्रस्ताव ध्वनि मत से खारिज हो गया “

नई दिल्ली : द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

प्रस्ताव गिरने के बाद गुरुवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर पहुंच गई। जहां एक तरफ भाजपा ने कांग्रेस पर ‘भागने’ का आरोप लगाया, वहीं विपक्ष के नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला।

शाह और रिजिजू का कांग्रेस पर तीखा प्रहार

प्रस्ताव खारिज होने के बाद संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने विपक्ष पर करारा तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पूरी तरह बेनकाब हो गई है, क्योंकि वह अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही भाग गई। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सहयोगी दल भी इस आचरण से नाखुश थे।

  • अमित शाह की राहुल पर टिप्पणी: गृह मंत्री अमित शाह ने चर्चा के दौरान राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बोलना ही नहीं चाहते और उन्हें नियमानुसार बोलना नहीं आता, “यह कोई रैली नहीं है।” शाह ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री के खिलाफ प्रस्ताव लाया जाता, तो सरकार मुद्दों पर जवाब देती।

विपक्ष का आरोप और स्पीकर का जवाब

राजद (RJD) और झामुमो (JMM) सहित विपक्षी दलों ने स्पीकर पर आरोप लगाया था कि वह विपक्ष के लिए सबसे ज्यादा ‘नो’ शब्द का इस्तेमाल करते हैं और उन्हें बोलने से रोकते हैं।

  • ओम बिरला का बयान: अविश्वास प्रस्ताव खारिज होने के बाद गुरुवार को पहली बार लोकसभा पहुंचे स्पीकर ओम बिरला ने कहा, “मैंने हमेशा संतुलन बनाने की कोशिश की है। संसदीय लोकतंत्र में मेरा अटूट विश्वास है और मैंने हर सदस्य की बात को गंभीरता से सुना है।”

राहुल गांधी का PM मोदी पर सीधा हमला

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा जुबानी हमला किया है। राहुल ने कहा, “PM बोल रहे हैं कि पैनिक करने की जरूरत नहीं है, लेकिन वे खुद पैनिक में हैं।

वे एपस्टीन (Epstein) की वजह से पैनिक में हैं, वे अडानी (Adani) केस की वजह से पैनिक में हैं। कल PM की कुर्सी खाली पड़ी थी। वे देश से कह रहे हैं कि पैनिक ना करें, जबकि खुद पैनिक में हैं।”

LPG संकट पर संसद परिसर में प्रदर्शन

सदन के बाहर भी विपक्ष का कड़ा रुख देखने को मिला। देश भर में एलपीजी (LPG) गैस सिलेंडरों की भारी कमी और सप्लाई संकट की खबरों को लेकर राहुल गांधी ने संसद परिसर में विपक्षी नेताओं के साथ मिलकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार से तुरंत समाधान की मांग की।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.