Nalanda stampede

नालंदा भगदड़: शीतला मंदिर में 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

बिहार के नालंदा में बड़ा हादसा: शीतला मंदिर में भगदड़ से 8 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल; पीएम-सीएम ने जताया दुख 

नालंदा : द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

बिहार के नालंदा जिले से आज एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा गांव स्थित प्रसिद्ध शीतला मंदिर में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई।

इस भीषण हादसे में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि 8 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

घायलों को तत्काल स्थानीय पुलिस और प्रशासन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

कैसे हुआ हादसा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज मंगलवार होने के कारण मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में अहले सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों और एक स्थानीय युवक ने बताया कि सुबह सब कुछ ठीक चल रहा था, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और सुरक्षाकर्मी भी तैनात थे।

लेकिन अचानक पूजा के क्रम में भीड़ अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, “पता नहीं किसने शोर मचाया और लोग इधर-उधर भागने लगे, जिससे भगदड़ मच गई।”

यह मेला सदियों से चला आ रहा है और हर बार सब कुछ सामान्य रहता था, लेकिन इस बार अचानक मची भगदड़ ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जताया दुख, जांच के निर्देश और मुआवजे का ऐलान

इस हृदयविदारक घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव को घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और पटना के कमिश्नर को तुरंत घटनास्थल पर भेजा है।

इसके साथ ही, राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपए और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपए (कुल 6 लाख रुपये) देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संवेदना व्यक्त की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नालंदा भगदड़ हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, “बिहार के नालंदा जिले में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। मैं अपनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

पीएम मोदी ने प्रधान मंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

साजिश की भी होगी जांच

नालंदा जिला प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। हर बार मंदिर में इसी तरह भीड़ उमड़ती थी, लेकिन इससे पहले ऐसा हादसा कभी नहीं हुआ था।

अब पुलिस और प्रशासन इस बात की गहनता से जांच कर रहे हैं कि भगदड़ अचानक कैसे मची और क्या इसके पीछे कोई साजिश या लापरवाही तो नहीं है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

We don’t spam! Read our privacy policy for more info.