Prime Minister Narendra Modi addressing the nation during the 138th episode of his radio programme Mann Ki Baat

मन की बात: पीएम मोदी ने जनगणना, 9/11 और सर्जिकल स्ट्राइक पर की बात

Mann Ki Baat 138th Episode: पीएम मोदी ने जनगणना को बताया ‘भविष्य की तस्वीर’, 32 करोड़ परिवार दर्ज; सर्जिकल स्ट्राइक और आतंकवाद पर ‘जीरो टॉलरेंस’ का किया जिक्र”

नई दिल्ली: द पॉलिटिक्स अगेन : संतोष सेठ की रिपोर्ट 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड के माध्यम से देश और विदेश के श्रोताओं के साथ अपने विचार साझा किए।

इस विशेष संबोधन में प्रधानमंत्री ने भारत में चल रही डिजिटल जनगणना की ऐतिहासिक प्रगति, युवाओं में नशामुक्ति अभियान, अमेरिका के 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी और आतंकवाद के खिलाफ भारत की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति व सर्जिकल स्ट्राइक जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से बात की।

जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा: 32 करोड़ परिवार दर्ज, माणा गांव से हुई शुरुआत

प्रधानमंत्री ने देश में चल रही जनगणना को राष्ट्र के भविष्य की एक बड़ी तस्वीर करार दिया। उन्होंने बताया कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में जनगणना का पहला चरण लगभग पूरा हो चुका है और अब तक 32 करोड़ से ज्यादा परिवारों की जानकारी दर्ज की जा चुकी है।

लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के दुर्गम व बर्फीले इलाकों में भी यह कार्य तेजी से जारी है।

  • देश के पहले गांव से आगाज: पीएम मोदी ने उत्तराखंड का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां जनगणना की शुरुआत चमोली स्थित देश के पहले गांव ‘माणा’ से हुई, जहां सबसे पहले 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला पूर्णिमा रावत का विवरण दर्ज किया गया।

  • डिजिटल भागीदारी का रिकॉर्ड: उत्तरकाशी के बगोरी गांव में होमस्टे चलाने वाले हरदेव सिंह राणा का उदाहरण देते हुए पीएम ने बताया कि अब तक 2 करोड़ 60 लाख से अधिक लोग मोबाइल पोर्टल के जरिए स्वयं अपनी जनगणना (Self-Enumeration) कर चुके हैं।

  • उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे सही जानकारी दर्ज कराएं, क्योंकि यही डेटा देश के भविष्य की सटीक योजनाएं बनाने में मदद करेगा।

आतंकवाद पर ‘जीरो टॉलरेंस’: 9/11 से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक तक का जिक्र

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने वैश्विक और घरेलू आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया। अमेरिका में हुए 9/11 आतंकी हमले की 25वीं बरसी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों में अमेरिकियों के बाद सबसे ज्यादा संख्या भारतीयों की थी।

उन्होंने 2014 में अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयॉर्क में दी गई श्रद्धांजलि को भी याद किया।

पूर्ववर्ती सरकारों के दौर की सुरक्षा स्थिति पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा:

  • एक समय भारत में सिलसिलेवार बम धमाके होना आम बात हो गई थी। उन्होंने 13 सितंबर 2008 के दिल्ली सीरियल ब्लास्ट और उसके कुछ हफ्तों बाद हुए मुंबई के 26/11 आतंकी हमले को याद किया।

  • पीएम ने कहा कि पहले आतंकी हमलों के बाद पाकिस्तान पर कार्रवाई की मांग उठती थी, लेकिन उस पर ध्यान देने के बजाय सिर्फ समय बीतने का इंतजार किया जाता था।

  • सर्जिकल स्ट्राइक ने बदला इतिहास: पीएम मोदी ने जोर देकर कहा कि आज का नया भारत आतंकवाद के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर चलता है।

  • उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक को एक बड़ी ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि हमारे वीर जवानों ने एलओसी (LoC) के पार जाकर पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया और दुनिया के सामने भारत की आतंकवाद विरोधी नीति का नया उदाहरण पेश किया।

युवाओं से नशे की लत छोड़ने की अपील

प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को नशे के मकड़जाल से बाहर निकालने पर भी विशेष जोर दिया। नशामुक्ति अभियान की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया और अपील की कि जो भी युवा इस लत में फंसे हैं, वे तुरंत इससे बाहर निकलें और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगाएं।